Kosi Live-कोशी लाइव मधेपुरा/आज से श्रद्धालु कर सकेंगे बाबा सिंहेश्वर नाथ का दर्शन - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Monday, September 21, 2020

मधेपुरा/आज से श्रद्धालु कर सकेंगे बाबा सिंहेश्वर नाथ का दर्शन



मधेपुरा। सोमवार से श्रद्धालुओं के लिए बाबा सिंहेश्वर नाथ का मंदिर खुल जाएगा। श्रद्धालु बाबा का दर्शन कर पाएंगे। मंदिर तकरीबन ढाई महीने से बंद था। मंदिर खोले जाने को लेकर सभी तैयारियां पूरी की जा चुकी है।

शनिवार की शाम एसडीओ सह मंदिर न्यास समिति के सचिव नीरज कुमार व एसडीपीओ अजय नारायण यादव मंदिर पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया। एसडीओ ने मंदिर न्यास समिति के व्यवस्थापक मनोज ठाकुर को कोरोना को लेकर जारी तमाम गाइडलाइन का पालन करने को कहा। व्यवस्थापक मनोज ठाकुर ने बताया कि अभी पूजा सामग्री की दुकानें ही खुलेंगी। वह भी सीमित संख्या में। वहीं रविवार की सुबह स्थानीय लोग बाबा मंदिर खुलने से पहले मंदिर को पूरी तरह से साफ किया। इस दौरान न्यास समिति के सदस्य विजय कुमार सिंह, दिलीप खंडेलवाल, विजय सिंह, रूपेश कुमार, पंकज भगत, अरविद मिश्रा, संतोष मल्लिक, राजा गुप्ता, पशुपति चौधरी, रोशन कुमार, राजू कुमार, राजू सिंह, अभिषेक शाह, अनुज कुमार ठाकुर, अंकित सिंह आदि मौजूद थे।

सावन में बंद हुआ था मंदिर

कोरोना को लेकर कई माह तक मंदिर बंद रहा है। लॉकडाउन में मंदिर बंद होने के बाद अनलॉक एक में आठ जून से मंदिर खोला जाना था, लेकिन व्यवस्था नहीं हो पाने के कारण 12 जून को मंदिर खोला गया था। वहीं इसके बाद सावन व भादों में श्रद्धालुओं की उमड़ने वाली भारी भीड़ की संभावना को देखते हुए मंदिर न्यास समिति ने सावन एवं भादो को मंदिर बंद रखने का निर्णय लिया था। सावन भादो बीत जाने के बावजूद भी मंदिर नहीं खोला जा सका था।

स्थानीय लोगों ने जताया था आक्रोश भादो बीत जाने के बाद भी बिना किसी निर्णय या आदेश के बाबा मंदिर बंद रखे जाने पर स्थानीय लोगों ने आक्रोश जताया था। 15 सितंबर को स्थानीय लोगों ने रामजानकी ठाकुरबाड़ी में एक बैठक कर मंदिर न्यास समिति को जल्द मंदिर खोलने का अल्टीमेटम दिया था। बैठक के अगले दिन एक शिष्टमंडल मधेपुरा जाकर एसडीओ सह सचिव से मिलकर जल्द मंदिर खोलने को लेकर ज्ञापन सौंपा था। वहीं मंदिर न्यास समिति अध्यक्ष सह डीएम नवदीप शुक्ला से फोन पर भी बात की थी। डीएम ने 21 सितंबर से मंदिर खोलने का आश्वासन दिया था।