खगड़िया।
चौथम थाना क्षेत्र के भुतौली मालपा गांव में मंगलवार की देर रात एक युवक की गला दबाकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान भुतौली मालपा निवासी 30 वर्षीय बच्चू महतो के रूप में हुई है। शव को कब्जे में लेकर पुलिस घटना की जांच में जुट गई है। मृतक की पत्नी जुली देवी के आवेदन पर अज्ञात अपराधियों पर गला दबाकर हत्या का मामला दर्ज किया गया है। थानाध्यक्ष निलेश कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंच शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए खगड़िया भेज दिया। पुलिस को दिए बयान में मृतक के स्वजनों का कहना है कि रात में युवक पेशाब करने निकला था। इसी दौरान अज्ञात अपराधियों ने मिलकर युवक की गला दबाकर हत्या कर दी। इसके बाद शव को छोड़कर फरार हो गया। घटना की जानकारी स्वजनों को सुबह मिली। इसके बाद स्वजनों में कोहराम मच गया। बताया जाता है कि युवक जेसीबी का ड्राइवर था। थानाध्यक्ष निलेश कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया ऐसा लग रहा है कि युवक की गला घोंटकर हत्या की गई है। गले पर निशान भी है। मृतक की पत्नी जुली देवी के आवेदन पर अज्ञात अपराधियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। घटना के बाद से स्वजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया जाता है कि युवक घरेलू कलह से भी परेशान रहता था।