बीएमपी वन में मंगलवार की सुबह एक जवान अमर सुब्बा (36) ने वहीं पर तैनात सिपाही वर्षा तितुंग तमांग (26) को इनसास रायफल चार गोलियां मारीं फिर खुद को भी उड़ा लिया। इस खूनी खेल का कारण प्रेम-प्रसंग बताया जा रहा है। मूल रूप से दार्जलिंग के रहने वाले दोनों शादीशुदा थे।
सुबह के आठ बजकर 45 मिनट पर हुई इस घटना के बाद पूरे बीएमपी परिसर में अफरातफरी मच गयी। पांच राउंड फायरिंग की आवाज से बिहार मिलट्री पुलिस और उसके आसपास का इलाका दहल उठा। आनन-फानन में पगली घंटी बजायी गयी जिसके बाद बाकी के जवान उस ओर दौड़े जहां से गोली की आवाज आयी थी। मैग्जीन सेक्शन के सामने बने महिला सिपाहियों के रेस्ट रूम में अमर और वर्षा का शव खून से लथपथ पड़ा था।
वर्षा को कंधे के ऊपर गोलियां लगीं, जबकि सिपाही ने खुद के गर्दन में गोली मारी थी, जो उसके सिर से जाकर निकल गयी। इधर, इस घटना की सूचना मिलते ही बीएमपी कमांडेंट के साथ ही एसएसपी उपेंद्र शर्मा और एयरपोर्ट थाने की पुलिस मौके पर पहुंच गयी। पुलिस ने दोनों शवों को जब्त कर लिया। बाद में उसे पोस्टमार्टम के लिये आईजीआईएमएस भेजा गया। घटनास्स्थल से पांच खोखे बरामद किये गये हैं।
एसएसपी ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह बात सामने आ रही है कि जवान ने पहले महिला सिपाही को गोली मारी फिर खुद को भी उड़ा लिया। पुलिस उस जगह के आसपास मौजूद अन्य जवानों का बयान भी ले रही है।