कटिहार। स्टेट हाइवे 77 पर फलका थाना क्षेत्र के चोचला मोड़ के समीप ट्रक से कुचलकर बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक बुरी तरह जख्मी हो गया। मृतक युवक की पहचान बरारी थाना क्षेत्र के बड़ी भैंसदीरा निवासी 30 वर्षीय रंजीत शर्मा के रुप में हुई है। जख्मी युवक राजकिशोर मड़ैया पूर्णिया जिले के सतमी गांव का रहने वाला है। घटना शनिवार की दोपहर घटी है। घटना के बाद ट्रक चालक गाड़ी छोड़ भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है। इधर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए कटिहार सदर अस्पताल भेज दिया गया है। जख्मी का उपचार सदर अस्पताल में चल रहा है।
जानकारी के अनुसार, रंजीत शर्मा व राजकिशोर मड़ैया बाइक से मीरगंज फर्नीचर का सामग्री लेने गए थे। सामग्री लेकर वापस घर लौटने के दौरान तेज रफ्तार अनियंत्रित केला लदा ट्रक ने बाइक में पीछे से टक्कर मार दी। घटना में दोनों बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों घायलों को ग्रामीणों के सहयोग से अस्पताल लाया गया। यहां चिकित्सकों ने बाइक चालक रंजीत शर्मा को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने ट्रक व बाइक को भी जब्त कर लिया।