Kosi Live-कोशी लाइव BIHAR NEWS:बिहार में फिर दिखी पुलिस वाले की गुंडई, बीच सड़क पर कार ड्राइवर को बेरहमी से पीटा,आक्रोशित लोगों ने पुलिस को बनाया बंधक - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Sunday, September 13, 2020

BIHAR NEWS:बिहार में फिर दिखी पुलिस वाले की गुंडई, बीच सड़क पर कार ड्राइवर को बेरहमी से पीटा,आक्रोशित लोगों ने पुलिस को बनाया बंधक

बिहार के बेगूसराय जिले में एक पुलिसकर्मी ने बीच सड़क पर कार ड्राइवर की बेरहमी से पिटाई कर दी। स्थानीय लोगों को जब इसकी सूचना मिली तो वो आक्रोशित हो उठे और आरोपित पुलिसकर्मी को बंधक बना लिया।   

प्राप्‍त जानकारी के अनुसार नगर थाना क्षेत्र के एनएच-31 खातोपुर में एक पुलिसकर्मी ने लाखों ओपी क्षेत्र के बहदर पुर पंचायत के वार्ड-3 निवासी चमरू महतो के पुत्र कार ड्राइवर दीपक महतो की बेरहमी से पिटाई कर दी। ड्राइवर की पिटाई के बाद स्थानीय लोगों ने आरोपित पुलिस वाले को बंधक बना जमकर हंगामा किया। पुलिस की पिटाई से ड्राइवर गंभीर रूप से जख्मी हो गया।

लोगों ने बताया कि आरोपित पुलिसकर्मी खगड़िया जिले में किसी अधिकारी का बॉडीगार्ड है। बंधक बनाने के बाद लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपित पुलिसकर्मी को अपने साथ लेकर चली आयी। वहीं, घायल ड्राइवर का सदर अस्पताल में इलाज कराया गया।

थानाध्यक्ष अमरेंद्र कुमार झा ने बताया कि गाड़ी में ठोकर को लेकर विवाद हुआ। ड्राइवर के साथ मारपीट नहीं हुई। ड्राइवर का आरोपित पुलिस से हल्की झड़प हुई। इसमें वह चोटिल हो गया। उसका इलाज सदर अस्पताल में कराया गया।