सहरसा। शुक्रवार की शाम पुलिस शिविर के सामने हुए सुबोध गोलीकांड में पुलिस ने एक युवक को हिरासत में लिया है। पुलिस युवक से गहन पूछताछ कर रही है। वहीं सुबोध यादव सहरसा के सूर्या अस्पताल में जिदगी और मौत के बीच जूझ रहा है। चिकित्सक ने उसकी हालत को गंभीर बताया हैं। चिकित्सक डॉ. विजय शंकर ने बताया कि गोली निकाल दी गई है, लेकिन फिलहाल खतरा बना हुआ है।
----
एक साल पूर्व इसी जगह पर हुई थी प्राध्यापक की हत्या
------
एक वर्ष पूर्व बैजनाथपुर पुलिस शिविर के समीप पटेल चौक पर प्रो. अशोक मेहता की अपराधियों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। उस दौरान आक्रोशित लोगों ने बैजनाथपुर पुलिस प्रशासन के खिलाफ सहरसा-मधेपुरा एनएच107 को जामकर आंदोलन किया था। ऐसे में शुक्रवार की शाम बैजनाथपुर पुलिस शिविर गेट के सामने एक चाय की दुकान पर गम्हरिया पंचायत के वार्ड आठ के निवासी बिदेश्वरी यादव उर्फ बिदा के पुत्र सुबोध कुमार को दो बाइक सवार बदमाशों ने दो गोली मारकर जख्मी कर दिया। लोगों के अनुसार, शुक्रवार को बैजनाथपुर पुलिस के सामने ही अपराधियों ने गोली मारकर गंभीर रूप से जख्मी कर दिया, लेकिन पुलिस प्रशासन अपराधियों का कुछ नहीं कर पायी। जख्मी गम्हरिया पंचायत के वर्तमान मुखिया सुनीता देवी का करीबी था। बैजनाथपुर पुलिस ने शक के आधार पर चाय दुकानदार बद्री महतो के पुत्र पंकज कुमार को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है।