Kosi Live-कोशी लाइव Bihar News:ट्रेन के आगे कूदकर प्रेमी-प्रेमिका ने दे दी जान, पटरी पर टुकड़ों-टुकड़ों में मिला शव - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Tuesday, September 1, 2020

Bihar News:ट्रेन के आगे कूदकर प्रेमी-प्रेमिका ने दे दी जान, पटरी पर टुकड़ों-टुकड़ों में मिला शव

औरंगाबाद, जेएनएन। बिहार की राजधानी पटना के बाद मंगलवार को ही औरंगाबाद में प्रेमी युगल ने अपनी जान दे दी। गया- पंडित दीनदयाल उपाध्याय रेल खंड पर रफीगंज रेलवे स्टेशन से पूरब रेलवे गुमटी के पास मंगलवार को प्रेमी युगल ने ट्रेन से कटकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोनों एकसाथ रेलवे लाइन के पास पहुंचे और डाउन लाइन में मालगाड़ी के आगे कूद पड़े, जिससे कटकर दोनों का शरीर कई टुकड़ों में क्षत-विक्षत हो गया। आसपास के लोग दौड़कर पहुंचे तो देखा की दोनों की मौत हो चुकी है।

प्रेमी-प्रेमिका थे रिश्तेदार

बताया जाता है कि युवती चरकावां निचलीडीह निवासी बुट्टा दास की 18 वर्षीय पुत्री आरती कुमारी एवं युवक गया जिले के मउ थाना के केर गांव निवासी देवीलाल का 20 वर्षीय पुत्र शिव कुमार था। स्थानीय लोगों ने बताया कि प्रेमी युगल रिश्तेदार थे। इधर घटना की सूचना मिलते ही आरपीएफ की टीम मौके पर पहुंचकर दोनों का शव रेलवे लाइन से हटाया।

इधर, घटना की सूचना पर मृत प्रेमी युगल के स्वजन एवं रिश्तेदार रफीगंज पहुंचे। सूचना के बाद भी जब समय पर जीआरपी पुलिस नहीं पहुंची, तो मृत युवती के पिता एवं अन्य रिश्तेदारों ने दोनों का शव बोरे में भरकर घर लेकर चले गए। मामले में मृत युवती के पिता कुछ बोल नहीं पा रहे थे।

शादी में बाधक बन रहे थे दोनों परिवार के लोग

बताया जाता है कि दोनों की शादी में स्वजन और रिश्तेदार के बाधक बनने के कारण दोनों प्रेमी युगल ने ट्रेन से कटकर जान दे दी। दोनों का शव जबतक रेलवे लाइन पर पड़ा रहा ट्रेन का परिचालन बंद रहा। दोनों का शव हटाए जाने के बाद ट्रेनों का परिचालन शुरू हुआ। घटना के बाद दिन में रफीगंज में चर्चा होते रही। मामले में रेल पुलिस के अधिकारी भी कुछ बोलने में कतराते रहे।