Kosi Live-कोशी लाइव सुपौल/सड़क किनारे ट्रैक्टर चालक का मिला शव, जांच में जुटी पुलिस - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Tuesday, September 1, 2020

सुपौल/सड़क किनारे ट्रैक्टर चालक का मिला शव, जांच में जुटी पुलिस

बलुआ बाजार (सुपौल)। थाना क्षेत्र अंतर्गत विशनपुर-घनश्याम के वार्ड नंबर 11 में मल्लाह टोला जाने वाली कच्ची सड़क पर मंगलवार की सुबह एक युवक की लावारिश हालत में शव मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान बसंतपुर प्रखंड के हृदयनगर पंचायत के वार्ड नंबर 14 निवासी 22 वर्षीय आनंद कुमार मुखिया के रूप में हुई है। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची बलुआ पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सुपौल भेज दिया। वहीं फोन के माध्यम से घटना की सूचना मिलने के बाद मृतक के चाचा और बहन भी घटनास्थल पर पहुंचे। वहीं गांव में घटना की सूचना मिलने के बाद लोगों का हुजूम घटना स्थल एवं बलुआ थाने पर उमड़ गया। मृतक के चाचा केसी मुखिया ने बताया कि वह दो भाई में बड़ा था और गांव में ही रहकर ट्रैक्टर चालक का काम करता था। परिवार में इकलौता कमाने वाला था। लगभग चार दिन पूर्व रात के नौ बजे आनंद के एक दोस्त के साथ किसी बात को लेकर झड़प हुई थी। उनलोगों ने हस्तक्षेप कर दोनों का सुलह करवा दिया था। उन्होंने कहा कि जाते-जाते उनके दोस्त ने जान से मारने की धमकी दी थी। उन्होंने बताया कि सोमवार रात आनंद 9 बजे बलभद्रपुर के गोरियारी चौक पर बसंतपुर के ही अपने दोस्त छोटू लौहार, दिलीप मंडल, संतोष मुखिया के साथ दो अलग-अलग बाइक पर सवार होकर पश्चिम दिशा की ओर निकला था। उसके बाद सुबह उसके मौत की खबर आई। अगर उसे पता होता कि कुछ अनहोनी होने वाली है, तो वह उसे नही जाने देता। उधर मां मंजू देवी और पिता जुरीलाल मुखिया अपने बेटे की मौत की खबर सुनते ही गहरे सदमे में हैं।

अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, वीरपुर रामानंद कौशल ने कहा कि मृतक के चेहरे पर चोट के निशान पाए गए हैं, मामला हत्या का प्रतीत होता है। पुलिस सभी बिदुओं पर तहकीकात कर रही है। स्वजन के बयान पर हत्या का मामला दर्ज किया गया है। दोषियों की जल्द गिरफ्तारी होगी।