Kosi Live-कोशी लाइव बड़ी खबर/सुशांत सिंह केस: ड्रग्स केस में रिया चक्रवर्ती सहित 6 आरोपियों की जमानत याचिका खारिज - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Friday, September 11, 2020

बड़ी खबर/सुशांत सिंह केस: ड्रग्स केस में रिया चक्रवर्ती सहित 6 आरोपियों की जमानत याचिका खारिज

नई दिल्ली। दिवंगत एक्टर सुशांत सिंह राजपूत की गर्लफ्रेंड रिया चक्रवर्ती समेत 6 आरोपियों की जमानत याचिका खारिज हो गई है। ड्रग्स मामले में 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजे जाने के बाद रिया चक्रवर्ती के वकील ने मुंबई की सेशंस कोर्ट ने एक्ट्रेस की जमानत के लिए याचिका दायर की थी जिसे आज न्यायालय ने खारिज कर दिया है। रिया के अलावा कोर्ट ने उनके भाई शोविक चक्रवर्ती, अब्दुल बासित, जैद विलात्रा, दिपेश सावंत और सैमुअल मिरांडा को भी जमानत देने से इनकार कर दिया है। बता दें कि इन सभी को सुशांत सिंह मामले में ड्रग्स से संबंधित केस में गिरफ्तार किया गया है।


बता दें कि रिया चक्रवर्ती को नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस (एनडीपीएस) अधिनियम की धारा 27 ए के तहत गिरफ्तार किया गया था। रिया के ऊपर आरोप है कि उन्होंने अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत के लिए ड्रग्स मुहैया कराई। हालांकि, रिया के ऊपर खुद ड्रग्स लेने का आरोप नहीं है। अगर रिया मामले में दोषी साबित होती हैं तो उन्हें दस साल तक की जेल की सजा हो सकती है। मंगलवार रात को मजिस्ट्रेट कोर्ट से जमानत याचिका खारिज होने के बाद रिया ने स्पेशल कोर्ट में याचिका दाखिल की थी। स्पेशल कोर्ट में दाखिल की गई जमानत याचिका में रिया ने कहा है कि वो निर्दोष हैं और एनसीबी ने झूठे आरोपों के तहत उन्हें इस मामले में गिरफ्तार किया है। इससे पहले कोर्ट ने रिया चक्रवर्ती को 22 सितंबर तक के लिए न्यायिक हिरासत में भेजा था।