पूर्णिया। सदर थाना क्षेत्र के गुलाबबाग अंतर्गत सिघिया बस्ती में मक्का व्यवसायी के घर रविवार की रात डकैती मामले में पुलिस ने 24 घंटे में बड़ी सफलता हासिल की। प्रेसवार्ता कर एसपी विशाल शर्मा ने बताया कि डकैती की घटना बाद एसडीपीओ आनंद पांडेय के नेतृत्व में गठित टीम ने मामले का पर्दाफाश किया। इस दौरान तीन डकैत को लूटे गए तीन लाख 42 हजार रुपये 178 ग्राम सोने के जेवरात, एक किलो 117 ग्राम चांदी के जेवरात, सीसीटीवी डीभीआर, एक सीसीटीवी कैमरा, एक मोबाइल फोन और घटना में प्रयुक्त चार मोटरसाइकिल बरामद की है। गिरफ्तार डकैत गुलटेन और मो. अजमल कटिहार के बलिया बलौन थाना क्षेत्र एवं मो तौकिर कटिहार के बारसौई का रहने वाला है।
एसपी ने बताया कि घटना के बाद गठित टीम घटनास्थल पर छानबीन कर छापेमारी शुरू की। इस दौरान कसबा थाना क्षेत्र के एनएच 57 से सटे काठपुल के पास गुलटेन को लूटा गया 2 लाख 17 हजार एवं घटना में प्रयुक्त हीरो मोटरसाइकिल के साथ पकड़ा गया। उसके पास वादी के भाई का पहचान पत्र मिला। मो. तौकिर को 70 हजार रुपये और बिना नंबर के हीरो एक्सट्रीम मोटरसाइकिल के साथ वादी के पिता के आधार कार्ड के साथ पकड़ा गया। मो. अजमल को बिना नंबर के एवेंजर मोटरसाइकिल और 55 हजार रुपये और लूटा गया एक मोबाइल बरामद हुआ। पकड़े गए तीनों ने घटना में संलिप्तता स्वीकार किया और लूटा गया जेवर काठ पुल के बगल में टीन के घर में जमीन के नीचे जेवरात छिपाकर रखने की बात कही। बताए गए स्थान की खोदाई कर पुलिस टीम ने जेवरात बरामद किया। गिरफ्तार डकैतों से पूछताछ कर घटना में संलिप्त गिरोह के अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम छापेमारी कर रही है।