मधेपुरा। गणेशपुर में एसएच 58 के निकट किसी बड़े आपराधिक घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे पांच में से एक बदमाश को पुलिस ने हथियार के साथ गिरफ्तार कर लिया। वहीं, चार बदमाश अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में सफल रहे। गिरफ्तार बदमाश की शिनाख्त पर भागने में सफल रहने वाले बदमाशों की धरपकड़ के लिए पुरैनी पुलिस हर संभावित ठिकानों पर सघन छापेमारी में जुट गई है। सभी बदमाश फिलहाल भूमिगत बताए जा रहे हैं।
इस बाबत थानाध्यक्ष दीपकचंद्र दास ने बताया कि शाम में गश्ती के दौरान गुप्त सूचना मिली कि गणेशपुर में एसएच 58 के निकट पांच बदमाश इकट्ठे होकर किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए थानाध्यक्ष दीपकचंद्र दास के नेतृत्व में एएसआइ प्रभाकर राय, राजकुमार एवं अन्य पुलिस बलों ने पहुंच कर घेराबंदी कर डाली। छापामारी के दौरान पुलिस ने गणेशपुर के एक युवक को हथियार के साथ धर दबोचा। जबकि उसके साथ मौजूद चार अन्य बदमाश अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में सफल रहे। थानाध्यक्ष ने बताया कि पकड़े गए युवक की पहचान पुरैनी थाना क्षेत्र के गणेशपुर वार्ड नंबर 12 निवासी टुनटुन राम के 21 वर्षीय पुत्र दीपक कुमार के रूप में की गई है। गिरफ्तार युवक के पास से पुलिस ने एक कट्टा, दो कारतूस व एक मोबाइल बरामद किया है। गिरफ्तार युवक के विरूद्ध आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे जेल भेज दिया गया है।