पटना, स्टेट ब्यूरो। CoronaVirus Bihar Update: बिहार में कोरोना का आंकड़ा 65 हजार के करीब पहुंच गया है। बुधवार को स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी आंकड़ों में 2701 नए संक्रमित मिले हैं। इसके साथ ही बिहार में अबतक कुल कोरोना पॉजिटिव की संख्या 64732 हो गई है। अबतक 360 की कोरोना से मौत हो चुकी है। वहीं राज्य में 38 हजार से अधिक लोग कोरोना को मात दे चुके हैं। बुधवार को सबसे अधिक संक्रमित पटना से मिले। राजधानी में सबसे ज्यादा 478 नए कोरोना पॉजिटिव मिले। वहीं कटिहार में 196, सारण में 164, वैशाली में 104 मरीजों की कोरोना जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई। इसके पहले मंगलवार को 2464 नए मामले मिले थे। साथ ही 13 लोगाें की माैत भी हुई थी।
पटना से फिर मिले 478 संक्रमित
बिहार में कोरोना के मामले में सबसे अधिक संंक्रमित पटना से हैं। स्वास्थ्य विभाग ने बुधवार को बताया कि पटना जिले से 478 पॉजिटिव मिले हैं। पटना जिले में अब तक 10988 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव पाई गई है। इनमें से सात से अधिक लोग ठीक हो चुके हैं। जबकि, 55 लोगों की मृत्यु हुई है।
स्वस्थ होने वालों की संख्या अधिक
एक दिन पहले मंगलवार को राज्य में 24 घंटे में कोरोना के 2464 पॉजिटिव मिले थे। वहीं 2252 स्वस्थ भी हुए थे। इस दौरान घंटे में 38215 सैंपल की जांच की गई। स्वास्थ्य विभाग ने पिछले पांच महीने में 6.87 लाख से ज्यादा सैंपल की जांच की है। इनमें कुल 62031 लोगों में कोरोना संक्रमण पाया गया। मंगलवार को कोरोना के कारण 13 और लोगों की मौत हो गई थी, जिनमें अकेले पटना जिले के पांच लोग शामिल थे।
38 हजार के पार पहुंचा टेस्टिंग का आंकड़ा
राज्य में कोरोना टेस्टिंग का आंकड़ा 38 हजार के पार पहुंच गया है। अब एक दिन में प्रदेश में 38 हजार से ज्यादा जांच संभव हो गश है। इससे पहले तीन अगस्त को 36524 और दो अगस्त को 35619 सैंपल की जांच एक दिन में की गई थी।

