पुलिस ने शनिवार की देर शाम गश्ती के दौरान तीन बदमाशों को हथियार के साथ गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान बदमाशों के पास से पुलिस ने एक लोडेड कट्टा, एक कारतूस, दो चाकू बरामद किया। पुलिस ने बाइक और अन्य सामान भी अपने कब्जे में ले लिया। थानाध्यक्ष जय प्रकाश चौधरी ने बताया कि शनिवार की शाम पुलिस टीम गश्त कर रही थी। इसी दौरान लगभग साढ़े आठ बजे भटगामा जीरोमाइल से नवगछिया जीरो माइल जाने वाली सड़क पर गरैया टोला के पास कुछ लोग पुलिस को देखते ही भागने लगे।
पुलिस ने तीन लोगों को खदेड़कर कर पकड़ लिया। थानाध्यक्ष ने बताया कि पकड़े गए लोगों की तलाशी लेने के दौरान लौआलगान पूर्वी पंचायत के खोपड़िया टोला निवासी मनीष कुमार की कमर से एक लोडेड कट्टा और इसी गांव के दिलखुश कुमार की जेब से एक कारतूस और दो छुरा बरामद किया। पुलिस ने लौआलगान के मो. बकार की जेब से करीब 50 ग्राम मिर्च का पाउडर बरामद किया।
थानाध्यक्ष ने बताया कि गिरफ्तार बदमाशों की एक काले रंग की टीवीएस बाइक जब्त की गयी है। उन्होंने बताया कि ये तीनों बदमाश राहगीरों की आंखो में मिर्च पाउडर डालकर लूटपाट करने की फिराक में था। पुलिस टीम में दारोगा बलराम सिंह, रामनारायण यादव, हबीबुला अंसारी, उमेश कुमार, प्रदीप कुमार, कमांडो दस्ता शामिल रहे।