दिवंगत अभिनेता सुशांत राजपूत की डायरी के कुछ पन्नों के सोशल मीडिया में वायरल होने के बाद सिने अभिनेता के चचेरे भाई नीरज कुमार बबलू ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा है कि सुशांत हमेशा डायरी लिखा करता था। लेकिन उसकी मौत के बाद मुंबई पुलिस मेरे सामने उसके सारी डायरी उठाकर ले गई थी। वहीं मुंबई पुलिस की तरफ से डायरी के साथ कुछ छेड़छाड़ भी किया गया है। लेकिन डायरी में बचा हुआ जो कुछ भी पुलिस को मिला है, उसमें लोग देख सकते हैं कि सुशांत ने अपने भविष्य की पूरी प्लानिंग कर रखी थी कि आनेवाले दिनों में उसे क्या करना है।
उन्होंने कहा कि सुशांत खुशमिजाज और हौसले से भरा हुआ था। उसने अपने भविष्य को लेकर पूरी तैयारी कर रखी थी। वो हॉलीवुड का मेटेरियल था। उसने उस हिसाब से अपनी कला का प्रदर्शन किया था कि आनेवाले दिनों में हमलोगों को विश्वास था कि वो हॉलीवुड जाता और उसके डायरी से भी यह स्पष्ट हो गया है. डायरी में उसने स्पष्ट कर दिया है कि वो बिल्कुल ठीक था।
आयरनमैन बनना चाहता था सुशांत
विधायक नीरज कुमार बबलू ने एक साल पुरानी बात शेयर करते हुए कहा कि पिछले साल जब वो हमलोगों के पास सहरसा आया था तो उसने कई बातें हमलोगों से शेयर की थी। एक आयरनमैन का कंपीटिशन होता है, वो उसे फेस करना चाहता था। इस कंपीटिशन 40 से 45 किलोमीटर दौड़ना पड़ता है। 180 किलोमीटर साइकिल चलाना पड़ता है। चार किलोमीटर स्विमिंग करना पड़ती है। जिसके बाद कोई आयरनमैन का कंपीटिशन कम्पीट करता है। विधायक ने कहा कि जो लड़का यह सोचता था वो सुसाइड कैसे कर सकता है।
गरीब बच्चों को भेजना चाहता था नासा
विधायक नीरज कुमार बबलू ने कहा कि वो सामाजिक बातें भी हमसे शेयर करता था। कहता था कि समाज के लिए भी मुझे बहुत कुछ करना है। जो समाज में गरीब बच्चे हैं, उन्हें नासा भेजना है। वो वहां तक कि तैयारी करता था कि गरीब बच्चों को कैसे नासा भेजना है। इसपर हमने उससे कहा भी था कि हमारे विधानसभा क्षेत्र से कुछ बच्चों को भेज देना। उसने कहा था भैया जब हम लिस्ट तैयार करेंगे तो आप नाम भेज दीजिएगा। लेकिन ये तमाम चीजें धरी रह गई। अब हमलोग चाहेंगे कि भविष्य में हम इन चीजों को पूरा करें।


