पूर्णिया। पूर्णिया और बंगाल के सीमावर्ती क्षेत्र पर स्थित दालकोला चेकपोस्ट पर उत्पाद विभाग की टीम बंगाल से शराब तस्करी की दो खेप बरामद की। इस दौरान 881 लीटर शराब के साथ चार तस्करों को गिरफ्तार किया।
उत्पाद निरीक्षक सुमनकांत झा ने बताया कि बंगाल से पूर्णिया के रास्ते शराब तस्करी की गुप्त सूचना के आधार पर सघन वाहन जांच अभियान शुरू किया गया। इस दौरान बंगाल की ओर से आ रहे सभी वाहन की जांच की गई जिस दौरान शराब बरामद हुई। बताया कि पहली खेप में बीआर-7जी-2733 रजिस्ट्रेशन नंबर के मैजिक गाड़ी में छिपाकर तस्करी करते 690 लीटर शराब के साथ दो तस्कर को मंगलवार की रात पकड़ा गया। इस दौरान सिल्लीगुड़ी के तस्कर नरेश मिश्रा और विष्णु राय को गिरफ्तार किया गया। दूसरी खेप बुधवार की सुबह पकड़ी गई। इस दौरान मैजिक गाड़ी में चावल का भूसी के नीचे छिपाकर 191 लीटर शराब बंगाल से तस्करी करते दो युवक को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार युवक मनोव्वर आलम जलालगढ़ और मनोज कुमार अररिया का रहने वाला है।
शराब तस्करी के दौरान पकड़ा गया दोनों वाहन के चालक ने बताया कि गाड़ी में शराब लोड था उसे पता नहीं था। उसे पूर्णिया के जीरोमाइल तक गाड़ी पहुंचाने को कहा गया। वहां दूसरे चालक को गाड़ी देने को कहा गया था। मामले में उत्पाद अधीक्षक दीनबंधू ने बताया कि दोनों मामले में गिरफ्तार तस्कर पर उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।