Kosi Live-कोशी लाइव BIHAR CRIME/बेगूसराय:उपमुख्य पार्षद पुत्र समेत दो की हत्या - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Thursday, July 30, 2020

BIHAR CRIME/बेगूसराय:उपमुख्य पार्षद पुत्र समेत दो की हत्या

बीहट (बेगूसराय) : बुधवार को अज्ञात बदमाशों ने गढ़हरा ओपी क्षेत्र के ठकुरीचक स्थित एक गाछी में दो युवकों की गोली मार हत्या कर दी। मृतक की पहचान गढ़हरा वार्ड 7 निवासी नप बीहट के उपमुख्य पार्षद धर्मेन्द्र कुमार सिंह के पुत्र यशराज व बीहट गुरुदासपुर निवासी पप्पू सिंह के पुत्र सौरभ कुमार उर्फ चुहवा के रूप में हुई है। हत्या से आक्रोशित लोगों ने जीरोमाइल के पास सड़क जाम कर हंगामा शुरू कर दिया। घटनास्थल से शव को लेकर जा रहे गढहरा ओपीध्यक्ष रंजन ठाकुर की टीम को आक्रोशित लोगों ने जबरन रोक लिया और शव उतार कर सड़क पर रख हंगामा करने लगे। इस दौरान गढहरा ओपी की पुलिस जीप व बरौनी थाना के वाहन समेत कई अन्य वाहनों में तोड़फोड़ की है।

हत्या व हंगामे की सूचना मिलते ही बरौनी सीओ सुजीत सुमन, जीरोमाइल इंस्पेक्टर अक्षयलाल, बरौनी थानाध्यक्ष अजीत कुमार, जीरोमाइल ओपी प्रभारी समरेन्द्र कुमार, एफसीआई ओपी प्रभारी राजीव रंजन कुमार, सिघौल ओपी प्रभारी मनीष कुमार समेत आस-पास के थानों में बड़ी संख्या में पुलिसबल पहुंचे। जिला मुख्यालय से अतिरिक्त पुलिस बल बुलाने के बाद दो घंटे से बाधित सड़क से जाम खत्म कराया गया। घटना के कारणों को अभी खुलासा नहीं हुआ है। डीएसपी राजन सिन्हा ने बताया कि शराब तस्करी को लेकर आपसी विवाद की बात सामने आ रही है। पुलिस ने बीहट निवासी मुकेश कुमार सिंह के पुत्र रिषभ कुमार को हिरासत में लिया है जिससे पूछताछ की जा रही है।