सहरसा। जिले के बैजनाथपुर थाना क्षेत्र में करीब एक सप्ताह पूर्व किसान बेचन यादव की हुई हत्या की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। अवैध संबंध के कारण बेचन यादव की हत्या की गयी थी। हत्याकांड में शामिल छह में से चार को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने हत्यारों के घर से हत्या में प्रयुक्त किया गया चाकू को भी बरामद कर लिया है। इसके अलावा हत्याकांड में इस्तेमाल किए गए तीन मोबाइल को भी पुलिस ने जब्त किया है। इस हत्याकांड में दोस्त ही हत्यारा निकला।
जानकारी अनुसार 25 मई की रात्र में चकला तीरी निवासी बेचन यादव की हत्या सुनियाही बहियार में गला रेत कर कर दी गयी थी। जिसका शव पुलिस ने बरामद किया था। घटना के बाद मृतक की पतोहू के बयान पर सौर बाजार थाना में 26 मई 20 को प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। इस मामले में एसपी राकेश कुमार के निर्देश पर एसडीपीओ प्रभाकर तिवारी के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम में शामिल बैजनाथपुर शिविर प्रभारी संजीव कुमार ने गुप्त सूचना के आधार पर मृतक के दोस्त तीरी निवासी बिजेन्द्र यादव को गिरफ्तार किया तो उसने हत्या का सारा राज उगल दिया। एसपी राकेश कुमार ने बताया कि इस घटना के पीछे अवैध संबंध है। अवैध संबंध के कारण ही उसकी हत्या कर दी गयी। पुलिस की शक की सुई उस समय घूमी कि लाश बरामद होने के शाम में ही मृतक के दोस्त बिजेन्द्र ने सौर बाजार पुलिस को जाकर बताया कि बेचन यादव की हत्या में कौन- कौन शामिल है वह बता सकता है। इसके बाद उसने अन्य के नाम बताए। जांच में पुलिस को पता चला कि बिजेन्द्र ही असली हत्यारा है। पुलिस ने जब अपना जाल बिछाया तो बिजेन्द्र की गिरफ्तारी होने के बाद उसने सारा राज उगल दिया। पुलिस ने बताया कि बिजेन्द्र के मोबाइल लोकेशन के आधार पर ही उसकी गिरफ्तारी हुई क्योंकि जिस रात बेचन को ले गया था उस समय उसका मोबाइल बेचन यादव के पास ही बता रहा था। पुलिस ने बिजेन्द्र का मोबाइल भी उसके घर से बरामद किया। बिजेन्द्र यादव के निशानदेही पर ही मधेपुरा जिले के मठाही निवासी चंदन कुमार, पोलो उर्फ पोलवा उर्फ अमरेश, तीरी के नारायण यादव की गिरफ्तारी हुई। जिसमें सबों ने अपनी संलिप्तता स्वीकारी। इस हत्याकांड में मुख्य आरोपी सहित अन्य चार की गिरफ्तारी हुई है। लेकिन अब भी दो अभियुक्त् पुलिस पकड़ से बाहर हैं। एसपी ने कहा कि फरार अभियुक्त शीघ्र पकड़े जाएंगे।
