सहरसा। सलखुआ थाना क्षेत्र के पूर्वी कोशी तटबंध के भीतर चिरैया ओपी अंतर्गत सर्वजीता मुसहरी के समीप खरोरिया टोला में चापाकल पर पानी पीने के दौरान बुधवार की देर शाम शराब के नशे में एक युवक ने गोलीबारी की। गोलीबारी में एक किशोरी सहित एक व्यक्ति जख्मी हो गया। जख्मी को इलाज के लिए सदर अस्पताल खगड़िया भेजा गया जहां से बेहतर इलाज के लिए बेगुसराय भेज दिया गया।
जानकारी के अनुसार, देवेन्द्र यादव मकई की कटनी कर चापाकल पर पानी पीने आया था। उसी दौरान शराब की नशे में रंजीत सादा भी उसी चापाकल पर पानी पीने पहुंच गया। पानी पीने को लेकर ही दोनों के बीच विवाद हो गया। इसी दौरान रंजीत सादा ने गोली चला दी। जिसमें देवेन्द्र यादव के कंघे पर गोली लगी तो दूसरी गोली घर में खड़ी आरती कुमारी के हाथ में जा लगी। दोनों को स्थानीय लोगों द्वारा इलाज के लिए सदर अस्पताल खगड़िया ले जाया गया जहां से बेहतर इलाज के लिए आरती कुमारी को बेगुसराय भेज दिया गया। इस बाबत चिरैया ओपी प्रभारी फहीमुल्ला खां ने बताया कि मामले की जानकारी ली गई है। आरोपित की गिरफ्तारी हेतु छापेमारी की जा रही है। वैसे अभी तक दोनों घायलों में से किसी का बयान नहीं आया है।
