Kosi Live-कोशी लाइव पुलिस और ग्रामीणों में मारपीट, महिला SI समेत 2 घायल: शराब की सूचना पर पहुंची उत्पाद विभाग की टीम - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Thursday, September 17, 2026

पुलिस और ग्रामीणों में मारपीट, महिला SI समेत 2 घायल: शराब की सूचना पर पहुंची उत्पाद विभाग की टीम

पुलिस और ग्रामीणों में मारपीट, महिला SI समेत 2 घायल: शराब की सूचना पर पहुंची उत्पाद विभाग की टीम, ब्रेथ टेस्ट को लेकर विवाद

खगड़िया। महेशखूंट थाना क्षेत्र के राजधाम में बुधवार देर शाम शराब की सूचना पर पहुंची उत्पाद विभाग की टीम और स्थानीय लोगों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते दोनों पक्षों में मारपीट हो गई। घटना में उत्पाद विभाग की महिला SI विष्णु प्रिया और दूसरे पक्ष की युवती मुस्कान कुमारी घायल हो गईं।

सूचना मिलते ही महेशखूंट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को इलाज के लिए गोगरी अनुमंडल अस्पताल भेजा। डॉक्टर विजय कुमार ने दोनों का प्राथमिक उपचार किया।

ब्रेथ टेस्ट को लेकर बढ़ा विवाद

उत्पाद विभाग की SI विष्णु प्रिया के अनुसार, विभाग को राजधाम में शराब बिक्री की सूचना मिली थी। इसी आधार पर टीम छापेमारी करने पहुंची थी। टीम ने घर के बाहर मौजूद लोगों का ब्रेथ टेस्ट कराने की कोशिश की।

SI का कहना है कि टीम को देखकर कुछ लोग वहां से भाग गए, जबकि एक व्यक्ति घर के अंदर चला गया। इसके बाद टीम ने घर की तलाशी लेने और उक्त व्यक्ति का ब्रेथ टेस्ट कराने की कोशिश की। इसी दौरान स्थानीय लोगों ने इसका विरोध शुरू कर दिया।

SI ने लगाया मारपीट का आरोप

SI विष्णु प्रिया ने आरोप लगाया कि तलाशी और ब्रेथ टेस्ट के विरोध के दौरान उनके साथ गाली-गलौज और मारपीट की गई। उन्होंने दावा किया कि उन्हें दांत से काटा गया, थप्पड़ मारे गए और डंडे से हमला किया गया। इसमें उनके गर्दन समेत शरीर के अन्य हिस्सों में चोट आई है।

SI ने मामले में आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

ग्रामीण महिला ने भी टीम पर लगाए आरोप

दूसरे पक्ष की उषा देवी ने उत्पाद विभाग की टीम पर घर में घुसकर परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट करने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि उनके पति राजमिस्त्री हैं और शराब नहीं पीते हैं।

उषा देवी के मुताबिक, उत्पाद विभाग की टीम उनके पति को शराब पीने के आरोप में साथ ले जाने की बात कह रही थी। उनकी बेटी मुस्कान कुमारी ने इसका विरोध किया, जिसके बाद विवाद बढ़ गया।

उषा देवी का आरोप है कि इसके बाद उत्पाद विभाग के महिला और पुरुष कर्मियों ने परिवार के लोगों के साथ मारपीट की। इस घटना में उनकी बेटी मुस्कान के सिर, गर्दन और पीठ में चोट लगी है।

दोनों पक्षों के आरोपों की जांच

घटना के बाद महेशखूंट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने दोनों पक्षों के घायलों को अस्पताल पहुंचाया।

फिलहाल पुलिस दोनों पक्षों के आरोपों की जांच कर रही है। तलाशी और ब्रेथ टेस्ट के दौरान वास्तव में क्या हुआ तथा मारपीट की शुरुआत किस परिस्थिति में हुई, यह पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगा। पुलिस दोनों पक्षों के बयान और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी।

'; (function() { var dsq = document.createElement('script'); dsq.type = 'text/javascript'; dsq.async = true; dsq.src = '//' + disqus_shortname + '.disqus.com/embed.js'; (document.getElementsByTagName('head')[0] || document.getElementsByTagName('body')[0]).appendChild(dsq); })();