कटिहार। कुर्सेला-फारबिसगंज एसएच-77 मार्ग पर गुरुवार की देर रात फलका थाना क्षेत्र के तेलंगी मोड़ के समीप एक तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गहरे गड्ढे में पलट गया।
इस घटना में बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए एवं एक अन्य साथी मौके से फरार हो गया। जख्मी दोनों युवक सारी रात गड्ढे में पड़ा रहा और दर्द से कराहता रहा। शुक्रवार की अल सुबह शौच के लिए गए ग्रामीणों ने गड्ढे में पड़े घायलों को देख फलका पुलिस को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलने पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंच कर घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए फलका पीएचसी भेजा। पुलिस दुर्घटनाग्रस्त बाइक को जब्त कर आगे की कार्रवाई में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार, गुरुवार की देर रात भंगहा निवासी कुंदन मंडल और राकेश कुमार एक अन्य साथी के साथ अपने बाइक से अपने रिश्तेदार के घर हसेली जा रहे थे। चालक द्वारा बाइक तेज रफ्तार चलाने के कारण एसएच - 77 मार्ग पर तेलंगी मोड़ समीप अनियंत्रित होकर गहरे गड्ढे में पलट गया। दुर्घटना में बाइक पर सवार कुंदन मंडल और राकेश मंडल गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं एक अन्य साथी घटना के बाद वहां से फरार हो गया। दोनों बाइक सवार युवक घायल अवस्था में रातभर गड्ढे में पड़ा रहा। फिलहाल चिकित्सकों ने घायलों का प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत देख बेहतर उपचार के लिए दोनों को सदर अस्पताल कटिहार रेफर कर दिया है। घटना के बाद अस्पताल पहुंचे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था।
