Kosi Live-कोशी लाइव मधेपुरा।आंगनबाड़ी केंद्र के लाभार्थियों को अब किया जाएगा नकद राशि का भुगतान - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Wednesday, June 24, 2020

मधेपुरा।आंगनबाड़ी केंद्र के लाभार्थियों को अब किया जाएगा नकद राशि का भुगतान


मधेपुरा। विभागीय निर्देशानुसार इस माह से आंगनबाड़ी केंद्र के लाभार्थियों को सूखा राशन एवं पोषाहार की बजाय उसके समतुल्य राशि उनके खाते में दी जाएगी। बाल विकास परियोजना के निदेशक ने जून माह से प्रखंड क्षेत्र के सभी 113 आंगनबाड़ी केंद्रों के 10 हजार 848 लाभार्थी को पोषाहार मद की राशि खाते में भेजने का निर्देश दिया है।

हमेशा सवालों के घेरे में घिरे रहने वाले आंगनबाड़ी केंद्र की सेविका को परेशानी से निजात दिलाने एवं संबंधित लाभार्थियों के साथ पारदर्शिता बरतने के उद्देश्य से समाज कल्याण विभाग के आइसीडीएस निदेशक ने सभी सीडीपीओ को पत्र प्रेषित कर जून माह से पूरक पोषाहार की राशि संबंधित लाभार्थी के खाते में भेजने का निर्देश दिया है। भेजे गए पत्र में कहा गया है कि आंगनबाड़ी केंद्र के प्रत्येक लाभार्थी को 25 दिनों के हिसाब से सूखा राशन एवं पोषाहार के बदले उसके समतुल्य राशि का भुगतान किया जाएगा। साथ ही प्रवासी परिवार के सभी श्रेणी के लाभार्थियों की पहचान कर उन्हें केंद्र से निबंधित करते हुए सभी को पूरक पोषाहार की राशि डीबीटी से भेजने का निर्देश दिया गया है। विभागीय निर्देशानुसार छह माह से तीन वर्ष के सामान्य एवं कुपोषित बच्चों को दो सौ रुपये प्रतिमाह, छह माह से तीन वर्ष के अतिकुपोषित बच्चों को तीन सौ रुपये प्रतिमाह, तीन से छह वर्ष के बच्चों को 135 रुपये प्रतिमाह एवं गर्भवती तथा धात्री महिला को 237 रुपये पचास पैसे प्रति माह की दर से उनके खाते में नकद राशि भेजी जाएगी।