Kosi Live-कोशी लाइव BIHAR NEWS:भयावह हादसा, ट्रक ने सड़क किनारे खड़े सात को कुचला, दो की मौत और पांच घायल - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Wednesday, June 3, 2020

BIHAR NEWS:भयावह हादसा, ट्रक ने सड़क किनारे खड़े सात को कुचला, दो की मौत और पांच घायल


बिहार के समस्तीपुर जिले में तेज रफ्तार ट्रक ने सड़क किनारे खड़े सात लोगों को कुचल दिया। हादसे में अस्पताल ले जाने के दौरान बाप और बेटे की मौत हो गयी। वहीं पांच लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गए हैं, जिनका इलाज जारी है। हादसा सरायरंजन व हलाई ओपी क्षेत्र की सीमा पर तिसवारा बम्मा के पास एनएच-322 पर मंगलवार की रात करीब आठ बजे हुआ।

स्थानीय लोगों के मुताबकि हादसे में करीब दर्जनभर लोग जख्मी हुए हैं। लेकिन इसकी अधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। घटना से आक्रोशित लोगों ने ट्रक का पीछा करना शुरू किया। ट्रक को खदेड़कर हलई ओपी क्षेत्र के यति स्थान के निकट रोक दिया और उसमें आग लगा दी। मौके से ट्रक का चालक किसी तरह जान बचाकर फरार हो गया।

घटना के बाद सभी घायलों को ग्रामीणों व स्थानीय पुलिस की मदद से इलाज के लिए समस्तीपुर सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मृतकों की पहचान हलई थाने के सारंगपुर पश्चिमी गांव के प्रमोद ठाकुर(65) व उनके पुत्र हरेकृष्ण ठाकुर(25) के रूप में की गई है। जबकि घायलों में गांव के ही बमबम ठाकुर, मनोज पाठक, सरोज ठाकुर, विक्रम सहनी, रामाश्रय सहनी शामिल हैं। इनमें कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है।

घटना के बाबत लोगों ने बताया की ट्रक मुसरीघरारी की ओर से हलई ओपी की ओर जा रही थी। इसी दौरान उक्त स्थल पर पहुंचने के बाद ट्रक चालक ने ट्रक पर से अपना नियंत्रण खो दिया और सड़क किनारे खड़े लोगों को कुचलते हुए भागने लगा। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने ट्रक का पीछा कर हलाई ओपी क्षेत्र के यति स्थान के निकट पकड़ लिया।

घटना की सूचना पर सदर डीएसपी प्रीतिश कुमार, एसडीओ अशोक कुमार मंडल, सरायरंजन, मुसरीघरारी व हलई के थानाध्यक्ष पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंच कर लोगों को शांत कराया। पिता-पुत्र के शव पोस्टमार्टम के लिए समस्तीपुर सदर अस्पताल में भेज दिया गया है। घटना के बाद लोगोंं की भीड़ को शांत कराने में पुलिस जुटी है। घटना की सूचना पर पूर्व मंत्री वैद्यनाथ सहनी घायल व मृतक के परिजन से मिलने के लिए पहुंचे हैं।

एसडीओ एके मंडल ने मृतकों के परिजनों के लिए चार-चार लाख रुपये मुआवजा देने की घोषणा की है। ग्रामीणों ने बताया कि पिता-पुत्र काफी गरीब थे। उनके पास आमदनी का भी कोई खास साधन नहीं था। मामले में हलई ओपी प्रभारी संदीप कुमार पाल ने बताया कि घटना की छानबीन की जा रही है। फिलहाल जख्मी का इलाज प्राथमिकता में है। ट्रक पूरी तरह जल चुका है। चालक व मालिक का पता लगाया जा रहा है।