Kosi Live-कोशी लाइव BIHAR:25 लाख की हेरोइन जब्त: 2 महिलाओं समेत 4 अंतरराज्यीय ड्रग तस्कर गिरफ्तार, ब्लाउज में छिपाकर लाई गई थी खेप - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Sunday, July 5, 2026

BIHAR:25 लाख की हेरोइन जब्त: 2 महिलाओं समेत 4 अंतरराज्यीय ड्रग तस्कर गिरफ्तार, ब्लाउज में छिपाकर लाई गई थी खेप

बरौनी स्टेशन पर 25 लाख की हेरोइन जब्त: 2 महिलाओं समेत 4 अंतरराज्यीय ड्रग तस्कर गिरफ्तार, ब्लाउज में छिपाकर लाई गई थी खेप

बेगूसराय।

बेगूसराय में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस और विभिन्न सुरक्षा एजेंसियों को बड़ी सफलता मिली है। बरौनी रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-7 स्थित नए फुटओवर ब्रिज के नीचे संयुक्त कार्रवाई में दो महिलाओं समेत चार अंतरराज्यीय ड्रग तस्करों को गिरफ्तार किया गया। आरोपियों के पास से 118 ग्राम अवैध हेरोइन बरामद हुई है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 25 लाख रुपये आंकी गई है।

नागालैंड से लाई गई थी हेरोइन

पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने खुलासा किया कि बरामद हेरोइन बिहार की नहीं, बल्कि नागालैंड से लाई गई थी। आरोपियों के अनुसार, नागालैंड के मेदजीफेमा (ज्यूरक) निवासी अविका स्वु ने उन्हें यह खेप उपलब्ध कराई थी। इसके बाद चारों तस्कर असम के कामाख्या स्टेशन से कविगुरु एक्सप्रेस ट्रेन में सवार होकर बरौनी पहुंचे।

ब्लाउज और बैग में छिपाकर लाई गई थी खेप

पुलिस जांच में सामने आया कि तस्करों ने चेकिंग से बचने के लिए बेहद शातिर तरीका अपनाया था। महिला तस्कर कौशल्या देवी और सबीता देवी ने हेरोइन से भरे प्लास्टिक के डिब्बों को अपने ब्लाउज के अंदर छिपा रखा था। वहीं सुबोध साह और मुन्ना कुमार ने हेरोइन के पैकेट पैंट की जेब, पिट्ठू बैग और प्लास्टिक के झोले में छिपाए हुए थे।

हाजीपुर में होनी थी डिलीवरी

पूछताछ में यह भी खुलासा हुआ कि बरौनी इन तस्करों का अंतिम ठिकाना नहीं था। हेरोइन की यह खेप वैशाली जिले के हाजीपुर नगर थाना क्षेत्र के चकवारा निवासी आकाश कुमार को सौंपनी थी। पुलिस अब हाजीपुर के इस कथित रिसीवर और नागालैंड के सप्लायर की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।

संयुक्त अभियान में मिली सफलता

इस कार्रवाई को मद्यनिषेध एवं राज्य स्वापक नियंत्रण ब्यूरो (ANTF), एसटीएफ नारकोटिक्स सेल, एसटीएफ की विशेष टीमें, डीआईयू बेगूसराय और रेल पुलिस बरौनी ने संयुक्त रूप से अंजाम दिया। पूर्व से मिली गुप्त सूचना के आधार पर प्लेटफॉर्म नंबर-7 पर जाल बिछाकर चारों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान

गिरफ्तार आरोपियों में वैशाली जिले के महनार निवासी सुबोध साह (40) और मुन्ना कुमार (25) शामिल हैं। इनके अलावा वैशाली की कौशल्या देवी (55) तथा मुजफ्फरपुर जिले के पारू की सबीता देवी (35) को भी गिरफ्तार किया गया है। सभी के पास से अलग-अलग पैकेटों में हेरोइन बरामद हुई है।

मोबाइल और कॉल डिटेल खंगाल रही पुलिस

रेल थाना बरौनी में मामले को लेकर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। जांच की जिम्मेदारी सब इंस्पेक्टर उमेश गुप्ता को सौंपी गई है। पुलिस आरोपियों के मोबाइल फोन, सिम कार्ड और कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) की जांच कर रही है, ताकि इस अंतरराज्यीय ड्रग्स सिंडिकेट से जुड़े अन्य तस्करों और सरगनाओं तक पहुंचा जा सके।

पुलिस का मानना है कि यह कार्रवाई एक बड़े नशा तस्करी नेटवर्क का पर्दाफाश करने की दिशा में अहम साबित हो सकती है।