मधेपुरा। चौसा के लौआलगान में हुई पूर्व सरपंच हत्या मामले में पुलिस ने दो नामजद आरोपित सहित चार बदमाशों को दियारा इलाके से शनिवार की रात गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों के पास से पुलिस ने देसी पिस्टल और आठ कारतूस भी बरामद किया है। पुलिस अधीक्षक संजय कुमार ने बताया कि लौआलगान के पूर्व सरपंच निवास चंद्र यादव उर्फ मुन्ना यादव की हत्याकांड में शामिल अपराधियों की गिरफ्तारी को लेकर उदाकिशुनगंज अंचल निरीक्षक प्रेम कुमार यादव के नेतृत्व में टीम का गठन किया गया। टीम में चौसा थानाध्यक्ष महेश रजक, आलमनगर थानाध्यक्ष अरुण कुमार, पुरैनी थानाध्यक्ष दीपक चंद्र दास, कमांडो बिपिन कुमार, उदय कुमार, विकाश कुमार एवं तकनीकी सेल के अमर कुमार को शामिल किया गया।
मोबाइल लोकेशन के आधार पर हुई गिरफ्तारी पूर्व सरपंच हत्याकांड में शामिल आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर गठित पुलिस टीम ने मोबाइल लोकेशन के आधार पर छापेमारी कर आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफल हुई। जानकारी के के अनुसार गठित टीम ने मोबाइल लोकेशन के आधार पर चौसा थाना क्षेत्र अंतर्गत खोपड़िया दियरा में छापामारी कर सरपंच हत्या में शामिल संतलाल सिंह, रॉकी कुमार उर्फ मुन्ना कुमार, खंतर सिंह एवं संजय सिंह को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार बदमाश रॉकी कुमार के पास से पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल किया हुआ एक देसी पिस्टल और आठ कारतूस भी बरामद किया।
हत्या की बात को किया स्वीकार पुलिस अधीक्षक ने बताया कि पूछताछ में रॉकी कुमार ने हत्या की बात कबूल कर लिया। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार चारों बदमाश में शामिल संतलाल सिंह पुलिस राइफल लूटकांड का भी आरोपी है। संतलाल के खिलाफ मधेपुरा,नौगछिया एवं खगड़िया जिले में दो दर्जन से अधिक आपराधिक मामला दर्ज है।पुलिस को उसकी काफी दिनों से तलाश थी,आखिरकार पुलिस के हत्थे चढ़ ही गया। संतलाल का चचेरा भाई खंतर सिंह एवं संजय सिंह को भी पुलिस ने मौके से दबोच लिया। इन दोनों के खिलाफ भी कई आपराधिक मामला चल रहा है। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि जांच में हत्या के कारणों के संबंध में यह बात सामने आ रही है कि मृतक निवास चंद्र यादव उर्फ मुन्ना यादव को गांव के ही फौजी अवधेश कुमार से कुछ दिन पहले विवाद हुआ था। विवाद को लेकर दोनों का आपसी संबंध काफी खराब हो गया था।जिस वजह से फौजी अवधेश कुमार ने बदले की भावना से बदमाशों को पैसे देकर बदले की नीयत से निवास चंद्र यादव उर्फ मुन्ना यादव की हत्या करवा दिया। एसपी ने बताया कि बदमाशों के पास से जब्त देसी पिस्टल को जांच के लिए फोरेंसिक लैब भेजा जाएगा।मौके पर उदाकिशुनगंज अंचल निरीक्षक प्रेम कुमार यादव,चौसा थानाध्यक्ष महेश रजक सहित अन्य मौजूद थे।

