सहरसा। बिहार में शराब प्रतिबंधित रहने के बावजूद शराब पीने के मामले में कोसी रेंज के पुलिस उपमहानिरीक्षक ने जिले के बसनही और सदर थाना में पदस्थापित दो जमादार को सेवा से बर्खास्त कर दिया है। दोनों के खिलाफ की गई विभागीय कार्रवाई के बाद दोषी पाए जाने पर यह निर्णय सुनाया गया है।
डीआइजी सुरेश प्रसाद चौधरी ने बताया कि सदर थाना में पदस्थापित एएसआइ विरेंद्र कुमार सिंह की लोकसभा चुनाव के सातवें चरण में रोहतास जिला में ड्यूटी लगाई गई थी। विरेंद्र कुमार सिंह को मतदान केंद्र संख्या 138 उत्क्रमित मध्य विद्यालय मंझौली पर प्रतिनियुक्त किया गया था। जहां शराब के नशे में यह पाए गये थे। बाद में ब्रेथ एनलाइजर से की गई जांच में शराब पीने की पुष्टि होने पर इनके खिलाफ केस दर्ज कर विभागीय स्तर पर कार्रवाई शुरू की गई।
विभागीय कार्रवाई के संचालन पदाधिकारी सदर एसडीपीओ प्रभाकर तिवारी ने शराब पीने के मामले में इन्हें दोषी पाया। तत्पश्चात संचालन पदाधिकारी के मंतव्य पर एसपी ने कार्रवाई की अनुशंसा की। जिसके आलोक में इन्हें सेवा से बर्खास्त कर दिया गया। वहीं बसनही थाना में पदस्थापित एएसआइ अशोक राम द्वारा थाना में सिरिस्ता में बैठकर शराब पीने का वीडियो वायरल हुआ था जिसकी जांच कराई गई। जांच के बाद मामला सत्य पाए जाने पर इनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर विभागीय कार्रवाई शुरू की गई। संचालन पदाधिकारी एएसपी बलिराम चौधरी ने लगाए गये आरोप में उन्हें दोषी पाया। जिसके बाद पुलिस अधीक्षक द्वारा कार्रवाई की अनुशंसा की गई। जिसके बाद इन्हें भी सेवा से बर्खास्त कर दिया गया।
---------
कोट
सूबे में शराब का सेवन करना संज्ञेय अपराध है। एक पुलिस पदाधिकारी द्वारा शराब का सेवन करना गैर जिम्मेवार पुलिस पदाधिकारी का द्योतक है। ऐसे पदाधिकारी को सेवा से बर्खास्त किया गया है।
सुरेश प्रसाद चौधरी, पुलिस उपमहानिरीक्षक, कोसी रेंज, सहरसा।
