Kosi Live-कोशी लाइव सहरसा।सड़क पर उतरे होम क्वारंटाइन के प्रवासी मजदूर,प्रशासन के खिलाफ जमकर किया नारेबाजी - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Monday, May 11, 2020

सहरसा।सड़क पर उतरे होम क्वारंटाइन के प्रवासी मजदूर,प्रशासन के खिलाफ जमकर किया नारेबाजी

@कोशी लाइव:

सहरसा। मध्य विद्यालय, बिहरा में बनाए गए होम क्वारंटाइन में रह रहे आवासीय प्रवासी मजदूरों ने सोमवार को विद्यालय के मुख्य द्वार के सामने सहरसा-बिहरा मार्ग जामकर प्रशासन के विरुद्ध जमकर नारेबाजी की। हालांकि यह सूचना मिलते ही जाम स्थल पहुंचे बिहरा थानाध्यक्ष के आश्वासन पर सभी शांत हुए और जाम समाप्त कर दिया।

जानकारी के अनुसार, ससमय पर्याप्त भोजन और नाश्ता नहीं देने, चिकित्सा सुविधा नहीं रहने, पीने के लिए स्वच्छ पानी आदि पर्याप्त सुविधा उपलब्ध नहीं रहने से आक्रोशित प्रवासी मजदूरों ने होम क्वारंटाइन, बिहरा में जमकर बबाल काटा।

मजदूरों ने केंद्र के मुख्यद्वार स्थित सहरसा-बिहरा मुख्य मार्ग जामकर आवागमन बाधित कर दिया।

इस दौरान मजदूरों ने प्रशासन के विरुद्ध जमकर नारेबाजी भी की। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष, बीडीओ एवं सीओ जाम स्थल पहुंच पर्याप्त सुविधा उपलब्ध कराने का आश्वासन देते हुए जाम समाप्त करवाकर आवागमन बहाल कराया। इस बीच लगभग एक घंटे तक सड़क जाम रहने से आवागमन बाधित रहा।

प्रवासी मजदूरों का कहना था कि अनियमित समय में मिलने वाले भोजन भी भरपेट नहीं मिलता है। बड़े से कमरे में एकमात्र पंखा रहने से कमरे में उमस भरी गर्मी में दिन रात गुजारना पड़ता है। पीने के लिए स्वच्छ पानी, मासूम बच्चों के पीने हेतु दूध, हाथ सफाई के लिए साबुन आदि कई आवश्यक सामग्री का केन्द्र पर कोई व्यवस्था नहीं किया गया है। केंद्र परिसर एवं कमरे को सैनिटाइज करना तो दूर चिकित्सकीय टीम द्वारा स्वास्थ्य परीक्षण भी नहीं किया जाता है। बारंबार सुधार के लिए आग्रह करने के बावजूद पहल नहीं होते देख बाध्य होकर बवाल एवं सड़क जाम करना पड़ा। सूचना मिलते ही जाम स्थल पहुंचे बिहरा थानाध्यक्ष अरविन्द कुमार मिश्र, बीडीओ असगर अली, सीओ अखिलेश कुमार, केंद्र प्रभारी अंचल निरीक्षक शशि भूषण सिह, सहायक केंद्र प्रभारी शिक्षक निरंजन कुमार आदि ने पर्याप्त सुविधा उपलब्ध कराने की आश्वासन दे जाम समाप्त करवा आवागमन बहाल कराया।

--------

कोट

होम क्वारंटाइन पर पर्याप्त सुविधा उपलब्ध है। किसी के बहकावे में आकर तथा खुली छूट नहीं मिलने को लेकर कुछ मजदूर सड़क पर चले गए थे।

मो. असगर अली , बीडीओ , सत्तरकटैया।