मधेपुरा। कोसी के दियारा इलाके में अब मक्का की फसल तैयार होने को है। ऐसे में किसानों से लेवी वसूली को लेकर बदमाशों की दबिश दियारा के इलाके में होने लगी है। दियारा के किसानों में बदमाशों की दबिश से दहशत है। हालांकि चौसा के दियारा क्षेत्र पचरासी, महेल बहियार, मुखिया जी बासा, अजदाहा, बहियार, गरौल बहियार, चनेल बहियार सहित आसपास के इलाकों में पुलिस चौकसी बढ़ाने की बात कही गई है। इसके बावजूद किसानों में बदमाशों का दहशत कायम है। पूर्व में भी बदमाश यहां के किसानों से लेवी वसूल करते रहे हैं।
दियारा के किसानों में है दहशत बदमाशों की हलचल बढ़ने के बाद किसानों में दहशत व्याप्त है। किसानों का कहना है कि दियारा के इलाके में बदमाश मक्का की फसल तैयार होने के समय किसानों से लेवी वसूली को लेकर प्रत्येक वर्ष दस्तक देते हैं। किसानों से जबरन लेवी के रूप में रकम लिया जाता है। रकम नहीं देने पर किसानों के साथ बदमाशों द्वारा हत्या तक कर दी जाती है।
पुलिस ने किसानों को दिया सुरक्षा का भरोसा
दियारा के इलाके में मक्के की खेती करने वाले किसानों को पुलिस प्रशासन की ओर पूरी सुरक्षा उपलब्ध कराने का भरोसा दिया जा रहा है। पुलिस प्रशासन के अधिकारियों ने कहा कि किसान निर्भीक होकर फसल तैयार करें पुलिस दियारा में फ्लैग मार्च करेगी।
बदमाशों पर पुलिस की है नजर
दियारा के इलाके में मक्के की फसल तैयार होने को है। ऐसे में किसानों को सुरक्षा का भरोसा देने के लिए पुलिस प्रशासन के अधिकारियों ने कहा है कि दियारा के इलाके में बदमाशों पर पुलिस नजर रख रही है। ऐसे बदमशों की सूची तैयार कर उसपर कार्रवाई करने की बात कही गई है।
चौसा के पचरासी दियारा में पुलिस ने फ्लैग मार्च निकालकर मक्के की फसल तैयार कर रहे किसानों से मुलाकात कर भयमुक्त रहकर अपनी फसल को काटने से लेकर उनके घर तक पहुंचाने की बात कही है। पुलिस प्रशासन की ओर से चौसा के दियरा इलाके में फ्लैग मार्च निकाला गया है।
किसानों की सुरक्षा को लेकर पुलिस प्रशासन की टीम दियारा में मुस्तैद रहेगी। -महेश कुमार रजक, थानाध्यक्ष चौसा