भारतीय रेल किशनगंज में कार्यरत चौसा के एक व्यक्ति के कोरोना पॉजिटिव पाए जाने के बाद प्रशासन हरकत में आ गया। कोरोना पॉजिटिव कर्मचारी के परिजनों को चौसा स्थित क्वारंटाइन केंद्र में भेज दिया गया है। शुक्रवार की दोपहर करीब दो बजे स्वास्थ्य विभाग और पुलिस टीम किशनगंज में रहे कोरोना पॉजिटिव व्यक्ति के घर चौसा पूर्वी पंचायत के हेमकुंज टोला बसैठा पहुंची।
टीम ने उसके परिवार के पन्द्रह सदस्यों को क्वारंटीन में भेज दिया। इसके बाद गांव को सील करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गयी है। मेन रोड पर जगह जगह पुलिस कर्मी तैनात किए गए हैं। वहीं स्वास्थ्य विभाग ने गांव के वार्ड सदस्य सहित पन्द्रह लोगों को चौसा पूर्वी पंचायत सरकार भवन क्वारंटाइन केंद्र में भेज दिया है
स्वास्थ्य विभाग के टीम ने बताया कि दो दिन बाद जांच के लिए सभी का सैंपल भेजा जाएगा। चौसा पीएचसी प्रभारी डॉ. अमित कुमार सिंह ने बताया कि जो व्यक्ति कोरोना पॉजिटिव मिला है उसके परिवार के पन्द्रह लोगों को क्वारंटीन में रखा गया है। बीडीओ रीना कुमारी ने कहा कि चौसा पूर्वी पंचायत के कोरोना पॉजिटव व्यक्ति के परिजनों को क्वारंटीन में रखा गया है। उसके परिवार के सभी पंद्रह सदस्यों की जांच के लिए ब्लड सैंपल लेने का निर्देश दिया गया है। गांव को तीन किलोमीटर की परिधि में सील करने का जिला प्रशासन द्वारा निर्देश दिया गया है।
