Kosi Live-कोशी लाइव सहरसा:DM ने जारी किया निर्देश अब हर प्रखंड में बनेगा आइसोलेशन सह ट्रीटमेंट सेंटर - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Sunday, May 31, 2020

सहरसा:DM ने जारी किया निर्देश अब हर प्रखंड में बनेगा आइसोलेशन सह ट्रीटमेंट सेंटर

@कोशी लाइव:


सहरसा। शनिवार की शाम जिलाधिकारी कौशल कुमार की अध्यक्षता में कोविड-19 व बाढ़ पूर्व तैयारी पर विचार-विमर्श के लिए अधिकारियों की बैठक हुई। बैठक में डीएम ने संभावित कोरोना पॉजिटिव व्यक्तियों के लिए पूर्व तैयारी हेतु आइसोलेशन सह ट्रीटमेंट सेंटर की क्षमता बढ़ाए जाने का निर्देश दिया। इसके लिए प्रखंड स्तर पर भी एक-एक आइसोलेशन सह ट्रीटमेंट सेंटर बनाए जाने का निर्देश दिया गया, ताकि कोरोना पॉजिटिव के निकटतम कॉन्टेक्ट को ट्रेस कर उन्हें आइसोलेशन में रखा जाएगा।

जिलास्तर पर संभावित पॉजीटिव व्यक्तियों के लिए कर्पूरी छात्रावास के अलावा पॉलिटेक्निक कॉलेज में 150 बेड की क्षमता का आइसोलेशन सह ट्रीटमेंट सेंटर की तैयारी सुनिश्चित करने की बात कही। राज्य के बाहर से आए प्रवासियों को रोजगार मुहैया कराने के लिए डीएम ने सभी मनरेगा कार्यक्रम पदाधिकारियों को कैंप मोड में जॉब कार्ड बनाने का निर्देश दिया, ताकि आने वाले समय में इनसबों को रोजगार मुहैया कराया जा सके। 

उप विकास आयुक्त राजेश कुमार सिंह ने बताया कि अबतक 11851 प्रवासी श्रमिकों को जॉब कार्ड निर्गत किया गया है। शेष को जॉब कार्ड उपलब्ध कराने के लिए युद्धस्तर पर कार्य चल रहा है। डीएम ने शत-प्रतिशत प्रवासियों का डाटा इंट्री पोर्टल पर अपलोड करने और इसके माध्यम से उनका निबंधन संख्या सूचित करने का निर्देश दिया। कहा कि आपदा प्रबंधन विभाग के संपूर्ति पोर्टल में उक्त निबंधन के आधार पर श्रमिकों को यात्रा किराया एवं अनुमान्य राशि मिलाकर न्यूनतम एक हजार रुपये का खाता में अंतरण किया जा रहा है।

बाढ़ पूर्व तैयारी के संबंध में डीएम ने अंचलाधिकारियों को निर्देश दिया कि ऐसे पंचायत जहां बाढ़ आने की संभावना है, से संबंधित परिवारों की अद्यतन सूची तैयार कर लिया जाए। परिवार के मुखिया का बैंक एकांउट, आइएफएसी कोड एवं आधार कार्ड का इंट्री कर डाटाबेस तैयार रखें, ताकि बाढ़ की स्थिति में इन परिवारों को तुरंत राहत मुहैया कराया जा सके। डीएम ने राशन कार्ड की समीक्षा करते हुए कार्डविहीन परिवारों को तुरंत राशन कार्ड मुहैया कराने का निर्देश दिया। बैठक में सभी जिलास्तरीय पदाधिकारीगण मौजूद रहे।