अररिया के नरपतगंज प्रखंड की पलासी पंचायत स्थित वार्ड संख्या 15 में मंगलवार को पानी में डूबने से दो बच्चियों की मौत हो गई। मृतकों में निखत परवीन(6) और सीमा परवीन(3) शामिल हैं। दोनों बच्ची सगी बहन थी। मृतका पलासी गांव के सिद्दीकी शेख की बेटी थी। सिद्दीकी झारखंड में मजदूरी करता है।
सिद्दीकी के घर के बगल में ही पोखर निर्माण के लिए जमीन की खुदाई की गई थी। इसमें पानी भरा हुआ था। खेलने के दौरान दोनों सगी बहन पानी में चली गई जहां डूबने से दोनों की मौत हो गई। घटना के संबंध में परिजनों ने बताया कि खेलते-खेलते बच्चा कब डूबी इसका पता भी नहीं चला।
बच्चियों के डूबने के करीब एक घंटे बाद कुछ बच्चों ने शोर मचाया। यहां पानी में दोनों बच्ची बह रही थी। ग्रामीणों ने दोनों बच्ची को उस गड्ढे से निकाला, लेकिन तब तक दोनों ही बच्ची की जान जा चुकी थी। घटना की सूचना पर पहुंचे थानाध्यक्ष सुनील कुमार एवं पुलिस फोर्स ने घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जानकारी ली। घटना को लेकर जहां ग्रामीणों में सन्नाटा पसरा हुआ है वहीं दूसरी ओर खेत में खनन को लेकर लोगों ने गुस्सा जाहिर की। हालांकि थानाध्यक्ष सुनील कुमार ने बताया कि इस संबंध में सीओ ही सही जानकारी दे सकते हैं।
