Kosi Live-कोशी लाइव खगड़िया।13 पुलिस कर्मी व तीन अग्निशमन कर्मी पाए गए पॉजिटिव, मचा हड़कंप - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Tuesday, May 26, 2020

खगड़िया।13 पुलिस कर्मी व तीन अग्निशमन कर्मी पाए गए पॉजिटिव, मचा हड़कंप



खगड़िया । खगड़िया में कोरोना का कहर जारी है। कोरोना पॉजिटिव की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। कोरोना की चपेट में पुलिस कर्मी और अग्निशमन कर्मी भी आ गए हैं। 13 पुलिस कर्मी व तीन अग्निशमन विभाग के कर्मी की रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद से स्थिति और गंभीर हो गई है। सोमवार की रात आई रिपोर्ट में 11 पुलिस कर्मी और तीन अग्निनशमन विभाग के कर्मी पॉजिटिव पाए गए हैं। मालूम हो कि दो पुलिस कर्मी पूर्व में पॉजिटिव पाए गए थे। डीएम आलोक रंजन घोष व एसपी मीनू कुमारी द्वारा मंगलवार को पुलिस लाइन और अग्निशमन कार्यालय का जायजा लिया गया। इस मौके पर डीएम और एसपी ने आवश्यक निर्देश दिए। पुलिस लाइन के संबंधित बैरेक व अग्निशमन कार्यालय को सील करने की प्रक्रिया की जा रही है। वहीं इस क्षेत्र को कंटेनमेंट जोन घोषित किया गया है। पुलिस लाइन में रह रहे कर्मियों को आवश्यक सेवा बहाल रखने को लेकर एक कमेटी बनाई जा रही है। जिसके माध्यम से होम डिलेवरी की व्यवस्था की जाएगी। डीएम-एसपी द्वारा पुलिस लाइन के पारिवारिक क्वार्टर व बैरेक, अग्निशमन कार्यालय का जायजा लेकर यह तय किया गया कि कहां- कहां सील करना है और कहां- कहां बैरिकेटिग करनी है। सभी पॉजेटिव पाए गए पुलिस कर्मियों को कोविड सेंटर में उपचार हेतु भर्ती कराया गया है। ये सभी खगड़िया स्टेशन व बाजार समिति में प्रतिनियुक्त थे। इन लोगों के संपर्क में आने वालों को भी चिन्हित किया जा रहा है। व्यवस्था यह की जा रही है कि जो कर्मी स्टेशन व बाजार समिति में प्रतिनियुक्त हैं, वे वहीं कहीं आसपास फिलहाल रहें। इधर, पुलिस कर्मियों व अग्निशमन के कर्मियों के लगातार पॉजिटिव पाए जाने से रेलवे स्टेशन व बाजार समिति में प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी और अन्य कर्मी भी सहमें हुए हैं। आशंका प्रबल है कि कई रेलकर्मी, रेल पुलिस कर्मियों की भी रिपोर्ट पॉजिटिव हो सकती है। इसलिए अविलंब जांच कराने की व्यवस्था की जाए। विभिन्न थानों की पुलिस जो रेलवे स्टेशन व बाजार समिति में प्रतिनियुक्त हैं, उन्हें भी पॉजिटिव होने का खतरा मंडराने लगा है।

कोट

13 पुलिसकर्मी व तीन अग्निशमन विभाग के कर्मियों के पॉजिटिव पाए जाने पर पुलिस लाइन के संबंधित बैरेक व अग्निशमन विभाग को सील किया गया है। होम डिलेवरी की व्यवस्था की जा रही है। संपर्क में आए कर्मियों को चिन्हित किया जा रहा है। सतर्कता बरतने के आदेश दिए गए हैं।

मीनू कुमारी, एसपी, खगड़िया



कोरोना पॉजिटिव के मामले में खगड़िया सूबे में छठे स्थान पर

खगड़िया । जिले में कोरोना के मरीज तेजी से बढ़ रहे हैं। छह दिनों में कोरोना पॉजिटिव के मामले में खगड़िया जिला सूबे में छठे स्थान पर पहुंच चुका है। जबकि पहले नौवें स्थान पर था। प्रवासियों के बढ़ने के साथ कोरोना पॉजिटिव के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। बीते सोमवार को भी 23 नए कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। अब जिले में कोरोना पॉजिटिव की संख्या 144 हो गई है। हालांकि इसमें 22 लोग कोरोना को मात देकर स्वास्थ्य भी हुए हैं और उनकी घर वापसी भी हुई है। वर्तमान में इलाजरत संक्रमित मरीज 122 हैं। कोरोना की चपेट में आने से जिले में अब तक दो मौत हुई है। हालांकि जिले के मानसी प्रखंड के एक अन्य की मौत बेगूसराय में भी बीते दिनों हो गई थी। इस प्रकार जिले के तीन लोगों की मौत कोरोना से हुई है।

कोरोना संक्रमण पर रोक को लेकर प्रशासनिक स्तर पर लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। छह आवासित जगह में कोरोना संक्रमित मिलने के कारण जिले में छह कंटेनमेंट जोन अब तक बन चुके हैं।

डीएम आलोक रंजन घोष ने कहा कि कोरोना संक्रमण की रोकथाम व बचाव को लेकर हर संभव उपाय किए जा रहे हैं। जिसके लिए हर स्तर पर सजगता से कार्य हो रहा है। लोग लॉकडाउन का पालन करें। बिना काम घर से न निकलें। मास्क व शारीरिक दूरी के नियम का पालन करें। पॉजिटिव पाए गए पुलिसकर्मी व अन्य सभी कांटैक्ट ट्रेसिग के आधार पर मिले हैं।