जमशेदपुर)। बिहार के सहरसा जिले के चैनपुर से होली के बाद बहन काजू कुमारी उर्फ नेहा के साथ कदमा शिवजी पथ दिगंतिका अपार्टमेंट में आए नौ वर्षीय बालक जित्यम उर्फ जीतू मिश्रा की टाटा मुख्य अस्पताल में मौत हो गई।
उसकी बहन और जीजा ने पुलिस को बताया कि छह मई की शाम बाथरूम में नहाने के कारण बेहोश होकर गिर गया था जबकि मृतक के पिता संतोष मिश्रा ने दामाद, बेटी और बेटी की सास ममता देवी पर पुत्र की बेरहमी से पिटाई कर हत्या कर देने का आरोप लगाते हुए कदमा थाना में लिखित शिकायत दर्ज करायी है।
इकलौता पुत्र था जीतू
पांच बहनों में जित्यम उर्फ जीतू मिश्रा इकलौता भाई था। उसके पिता और चाचा मधेपुरा जिले के उद किशनूगंज थाना के बुधामा से देर शाम सड़क मार्ग से कदमा थाना पहुंचे। मृतक के जीजा निशांत कुमार मिश्रा को पुलिस ने हिरासत में लिया है। मुख्यालय दो के डीएसपी अरविंद कुमार मामले की जांच कर रहे है। चाचा के अनुसार भतीजे का शव टीएमएच में उनलोगों ने देखा। उसके शरीर पर मारपीट के निशान थे। पांच मई को भी भतीजे के साथ मारपीट की गई थी।
मृतक के चाचा कन्हैया मिश्रा ने बताया कि भतीजा जीतू मिश्रा को भतीजी 13 मार्च को सहरसा ससुराल से वापस जमशेदपुर लौटने के दौरान साथ ले आई थी। कदमा में अपनी बहन के घर रहने के दौरान खेलकूद में टीवी और फ्रिज को नुकसान पहुंचाया था। इस कारण भतीजे को बार-बार वापस ले जाने को कहा जा रहा था। हमलोगों ने कहा उसे वापस पहुंचा दे। जवाब में आकर ले जाने को कहा गया। 23 मार्च से लॉकडाउन हो गया। आने-जाने की सुविधा बंद हो गई।
भतीजी की सास हमेशा देती थी धमकी
कन्हैया मिश्रा ने बताया कि भतीजी की सास ममता मिश्रा हमेशा धमकी देती थी कि बच्चे ने घर में नुकसान किया है। इसे आकर ले जाएं नहीं तो इसकी लाश ही जाएगी। बच्चे ने जो घर में खेल-खेल में 70 हजार रूपये का नुकसान किया है। इसकी भरपाई भी करनी होगी। धमकी की मोबाइल पर रिकार्डिंग भी है। दामाद भी गाली-गलौज करता था।
20 अप्रैल को कदमा थाना को फोन कर दी गई थी जानकारी
जीतू मिश्रा के पिता संतोष मिश्रा और चाचा कन्हैया मिश्रा ने बताय कि धमकी से परेशान होकर हमलोगों ने कदमा थाना को 20 अप्रैल को फोन कर पूरे मामले से अवगत कराया था। कहा था कि बच्चे को निशांत मिश्रा की घर से हटाकर कदमा में ही रहने वाले रिश्तेदार धमेंद्र ठाकुर के घर पहुंचा दे।
लॉकडाउन समाप्त होने पर उसे वापस मधेपुरा ले जाएंगे। बच्चे को पुलिस लेकर भी आई, लेकिन बच्चा बहन की घर में ही रहने की जिद करने लगा तो वापस वह दीदी के घर रहने लगा। कन्हैया मिश्रा ने बताया कि बच्चे की शिकायत बार-बार शिकायत की जा रही थी। अंतत मारपीट कर बच्चे की हत्या कर ही दी गई। निशांत मिश्रा से काजू मिश्रा की शादी 2019 फरवरी में हुई थी।
