बेगूसराय : अवैध हथियार के साथ पकड़े गए राजद नेता को पार्टी ने छह वर्षों के लिए पार्टी से निष्कासित कर दिया है। यह निर्णय बुधवार को शहर के पोखरिया मोहल्ला स्थित सामाजिक न्याय समिति (भवानी भवन)कार्यालय में हुई बैठक के बाद लिया गया। अध्यक्षता राजद जिलाध्यक्ष मोहित यादव कर रहे थे।
जिलाध्यक्ष ने बताया कि पार्टी समाजिक कार्यों में रुचि रखने वालों को ही जगह देती है। समाज से जिसको हानि हो उसे पार्टी में रखने का कोई औचित्य नहीं है। बछवाड़ा थाना झमटिया गांव निवासी आनंद कुंवर को पुलिस ने अवैध हथिया के साथ गिरफ्तार किया था। इस लिए जांच की प्रक्रिया चलने तक उन्हें छह वर्षों के लिए पार्टी से निष्कासित कर दिया गया है। हालांकि पार्टी नेता ने एक साजिश के तहत फंसाने की बात जिलाध्यक्ष को बताई है। उसके बाद भी यह कार्रवाई की गई है। बैठक में जिलाध्यक्ष ने संगठन की मजबूती और राजद की गाइडलाइन के अनुरूप कार्य करने का आग्रह सभी नेताओं से किया। साथ ही बैठक में पोखरिया निवासी उपेंद्र कुमार पासवान को अनूसुचित जाति, जनजाति प्रकोष्ठ के प्रदेश महासचिव पद मनोनीत किए जाने पर उनका स्वागत के साथ प्रकोष्ठ के प्रदेश अनिल कुमार साधु एवं पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह एवं विरोधी दल के नेता तेजस्वी प्रसाद यादव का आभार व्यक्त किया गया। मौके पर जिला उपाध्यक्ष सुधीर सिंह, करण पटेल, मो. इकबाल, कैलाश यादव, रवि पोखरिया, सियाराम कुमार पासवान, अरुण सिंह राजीव यादव, रणवीर राय, प्रमोद चौरसिया, मो. नोमान, राकेश कुशवाहा, रामानंद यादव आदि मौजूद थे।