Kosi Live-कोशी लाइव BIHAR:बिहार में बड़ी कार्रवाई, आर्केस्ट्रा से 23 नाबालिग लड़कियां रेस्क्यू, हिरासत में तीन संचालक - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Friday, June 19, 2026

BIHAR:बिहार में बड़ी कार्रवाई, आर्केस्ट्रा से 23 नाबालिग लड़कियां रेस्क्यू, हिरासत में तीन संचालक

पूर्वी चंपारण में बड़ी कार्रवाई, 24 बच्चों को बंधन से कराया गया मुक्त; मानव तस्करी नेटवर्क का खुलासा

बिहार के पूर्वी चंपारण जिले के छौड़ादानो थाना क्षेत्र में पुलिस और जिला प्रशासन की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 24 बच्चों को मुक्त कराया है। इनमें 23 लड़कियां और एक लड़का शामिल हैं। प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि इन बच्चों को कथित तौर पर बंधक बनाकर उनकी इच्छा के विरुद्ध काम कराया जा रहा था।

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात के निर्देश पर रक्सौल एसडीपीओ मनीष आनंद के नेतृत्व में की गई। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि इलाके में मानव तस्करी और जबरन श्रम से जुड़ा एक संगठित नेटवर्क सक्रिय है, जिसके बाद तत्काल छापेमारी की योजना बनाई गई।

सूचना के आधार पर पुलिस, जिला प्रशासन, चाइल्ड हेल्पलाइन, मुक्ति फाउंडेशन, ग्राम नियोजन केंद्र और न्याय नेटवर्क की संयुक्त टीम ने अभियान चलाया। छापेमारी के दौरान एक आर्केस्ट्रा संचालक के कब्जे से सभी बच्चों को बरामद किया गया।

अधिकारियों के अनुसार, बच्चों को एक कमरे में सीमित कर रखा गया था और उनसे उनकी इच्छा के विरुद्ध अलग-अलग काम कराए जा रहे थे। मुक्त कराई गई लड़कियों ने अधिकारियों को बताया कि उन्हें मानसिक और आर्थिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था। आरोप है कि उन्हें धमकाकर आर्केस्ट्रा में डांस करने और अन्य कार्यों के लिए मजबूर किया जाता था।

पीड़ित बच्चों ने यह भी बताया कि विरोध करने पर उनके साथ मारपीट की जाती थी और उन्हें घर लौटने की अनुमति नहीं दी जाती थी। लगातार दबाव और भय के माहौल में उन्हें रखा गया था।

फिलहाल सभी बच्चों को सुरक्षित स्थान पर रखा गया है, जहां उनकी काउंसलिंग और स्वास्थ्य जांच कराई जा रही है। प्रशासन उनके परिजनों से संपर्क स्थापित करने में जुटा है। जरूरत पड़ने पर बच्चों को बाल कल्याण समिति (CWC) के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा।

पुलिस ने इस मामले में आर्केस्ट्रा संचालक समेत अन्य संबंधित आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मानव तस्करी, जबरन श्रम और बच्चों व महिलाओं के शोषण में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि यदि कहीं भी मानव तस्करी, बाल श्रम या बच्चों के शोषण जैसी गतिविधियों की जानकारी मिले तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस या चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 पर दें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।