सहरसा। कोरोना के संक्रमित मरीज मिलने के बाद प्रशासन पूरी तरह सर्तकता बरत रही है। मंगलवार को पुलिस अधीक्षक राकेश कुमार ने सहरसा बस्ती का जायजा लिया। इस दौरान लोगों को घरों में रहने व नहीं निकलने का आग्रह किया गया। कहा कि बस्ती से संक्रमित मिलने के बाद पूरे इलाके को सील कर दिया गया है। इस दौरान एक भी दुकानें इस परिक्षेत्र में नहीं खुलेगी। यही नहीं कोई भी व्यक्ति घरों से नहीं निकलेंगे। मौके पर मौजूद पूर्व वार्ड पार्षद ओवेश करनी चुन्ना ने कहा कि इस इलाके में ऑनलाइन डिलीवरी समेत अन्य तरह की व्यवस्था हो जिससे फल, सब्जी, राशन लोगों को मिल सके। कहा कि रमजान के महीने में थोड़ी परेशानी बढ़ गई है। इस आलोक में पुलिस अधीक्षक ने उचित कार्रवाई का भरोसा दिया। मौके पर सदर एसडीपीओ प्रभाकर तिवारी, सदर थानाध्यक्ष आरके सिंह समेत अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद थे।
सौरबाजार (सहरसा): कोरोना वायरस से बचाव के लिए प्रखंड स्तर बनाए गए क्वारंटाइन सेंटर का मंगलवार को एसपी राकेश कुमार ने निरीक्षण किया। पुलिस अधीक्षक ने क्वारंटाइन सेंटर में रह रहे प्रवासी मजदूरों से हालचाल जाना। जबकि प्रवासी मजदूरों के लिए बनाए गए भोजन समेत अन्य व्यवस्था के बारे में जानकारी ली। पुलिस अधीक्षक ने प्रवासी मजदूरों से शारीरिक दूरी बनाकर रखने की सलाह देते हुए कहा है एक दूसरे से दूरी बनाए रहने से कोरोना से बचा जा सकता है। एसपी ने क्वारंटाइन सेंटर में तैनात पुलिस अधिकारियों को सचेत होकर कार्य करने का निर्देश दिया। उन्होंने थाना अध्यक्ष से थाना क्षेत्र में बनाए गए सभी क्वारंटाइन सेंटर पर नजर रखने का निर्देश देते हुए कहा कि अन्य अपराध पर भी नजर बनाए रखने को कहा। इस मौके पर एसडीपीओ प्रभाकर तिवारी, अंचल अधिकारी श्रीनिवास, थानाध्यक्ष जयशंकर प्रसाद, केन्द्र प्रभारी राकेश कुमार झा, हेमंत यादव समेत अन्य लोग उपस्थित थे।
