सहरसा। कोरोना वायरस को लेकर लागू लॉकडाउन के बीच आनंद विहार से पूर्णिया जा रही 04052 श्रमिक स्पेशल ट्रेन को गुरुवार को वैक्यूम कर प्रवासी श्रमिक स्टेशन से पहले उतर गए।
आनंद विहार से पूर्णिया तक चल रही 04052 श्रमिक स्पेशल ट्रेन आने के दौरान गुरूवार की दोपहर सहरसा- सिमरीबख्तियारपुर रेलखंड के बीच सोनवर्षा कचहरी-रघुनी हॉल्ट के पास ट्रेन को किसी ने वैक्यूम कर दिया। इससे ट्रेन वहीं झटके से रूकी। आसपास के लोगों ने बताया कि ट्रेन के रूकने की आवाज इतनी तेज थी कि लगा कि ट्रेन पलट जाएगी। ट्रेन रूकते ही दर्जनों श्रमिक ट्रेन से उतर कर बाहर निकलने लगे। बडी संख्या में श्रमिकों के उतरने पर आसपास के ग्रामीण जब उन्हें रोकने की कोशिश की। मगर उससे पूर्व कई मजदूर दूर निकल चुके थे।
लोगों की मानें तो सिमरीबख्तियारपुर के आसपास ही श्रमिक यहां उतरे हैं। हालांकि बहुत मजदूरों को तो स्थानीय लोगों ने उन्हें फिर से ट्रेन में यह कहकर चढ़ा दिया कि बगैर जांच के गांव जाने में खतरा होगा इसीलिए सहरसा जाकर जांच कराकर अपने गांव जाना। ट्रेन के वैक्यूम को फिर से ठीक कर ट्रेन आगे बढ़ी। हालांकि करीब एक घंटा तक ट्रेन वहां रूकी रही। इसके चलते करीब सवा दो बजे ट्रेन सहरसा स्टेशन पहुंची। जहां से करीब सवा तीन बजे श्रमिक स्पेशल पूर्णिया के लिए सहरसा से खुली। श्रमिक स्पेशल ट्रेन में फोर्स की व्यवस्था नहीं रहती है। इससे दो दिन पहले भी श्रमिक स्पेशल ट्रेन का वैक्यूम कर सिमरीबख्तियारपुर के पास यात्री उतरे थे। हालांकि आनेवाले सभी मुख्य स्टेशनों पर आरपीएफ एवं जीआरपी के जवान तैनात रहते है। सहरसा में भी दूसरों स्टेशन जानेवाली ट्रेनों से एक भी श्रमिक को सहरसा स्टेशन पर उतरने नहीं दिया जाता है। ट्रेन के आने से पूर्व ही पुलिस जवानों की तैनाती प्लेटफार्म पर कर दी जाती है। आरपीएफ इंस्पेक्टर सारनाथ ने बताया कि सहरसा स्टेशन सहित अन्य मुख्य स्टेशनों पर आरपीएफ जवानों की तैनाती की गयी है।