थानाध्यक्ष जयशंकर प्रसाद ने बताया कि मार्च माह में चिकनी गांव से एक लड़की का अपहरण हुआ था, इस मामले में लड़की के पिता ने थाना में अपहरण का मामला दर्ज किया था। पुलिस ने लड़की को बरामद कर 164 के बयान के लिए न्यायालय भेज दिया है।
कई कांडों का वांछित गिरफ्तार
सहरसा। थाना क्षेत्र के मुख्य बाजार सौरबाजार में गुरूवार को पुलिस ने छापामारी कर कई कांड के आरोपी बदमाश को गिरफ्तार किया। थाना अध्यक्ष जयशंकर प्रसाद ने बताया कि सौरबाजार निवासी कुंदन साह ने इसी वर्ष एक जनवरी को नववर्ष पर गोली मारकर एक व्यक्ति को जख्मी कर दिया था। इसमें वह फरार चल रहा था। इसके अलावा रंगदारी, अवैध शराब की तस्करी जैसे आपराधिक मामले दर्ज हैं। हर बार पुलिस को चकमा देकर फरार हो जाता था। गुप्त सुचना पर छापेमारी कर बदमाश कुंदन साह को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार बदमाश को न्यायिक हिरासत सहरसा भेज दिया गया है।
डीलर को आवंटन देने की मांग
सौरबाजार (सहरसा): प्रखंड के सुहथ पंचायत के बेलहा मुसहरी भवटिया राशन कार्डधारियों ने डीएम को आवेदन देकर नजदीक के डीलर को आवंटन देने की मांग की है। सुहथ पंचायत के वार्ड संख्या छह और सात के लाभुक राजाराम सादा, जानो सादा, गांगो सादा, सजन सादा समेत अन्य लाभुकों ने कहा कि हमलोगों को पैक्स डीलर के माध्यम से राशन मिलता था। पैक्स डीलर के हटने के बाद विभाग ने तीन किलोमीटर दूर के डीलर को आवंटन दे दिया है। जबकि वार्ड संख्या छह व सात में डीलर है, उसके बावजूद प्रखंड के अधिकारी ने दूर के डीलर को आवंटन दिया है। जहां राशन लाने में कठिनाई का सामना करना पड़ेगा।