Kosi Live-कोशी लाइव BIHAR NEWS:मधेपुरा में तैयार चार और विद्युत इंजन निकला - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Thursday, May 28, 2020

BIHAR NEWS:मधेपुरा में तैयार चार और विद्युत इंजन निकला


मधेपुरा रेल कारखाना में तैयार सबसे शक्तिशाली चार एसी विद्युत इंजन बुधवार को निकला। दो-दो इंजन को एक साथ जोड़कर सौ किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से इसे चलाकर यूपी के सहारनपुर ले जाया गया।

इससे 14 दिन पहले 13 मई को छह एसी विद्युत इंजन मालगाड़ी में लगकर चलाने के लिए ले जाई गई थी। मधेपुरा रेल कारखाना के मुख्य प्रशासनिक अधिकारी (सीएओ) राजीव कुमार गुप्ता ने कहा कि मालगाड़ी में लगाकर चलाने के लिए 27 मई को चार इंजन भारतीय रेलवे के ट्रैफिक विभाग को सौंपा गया है। जैसे-जैसे मधेपुरा रेल कारखाना में इंजन निर्मित होते जाएगा उसे परिचालन के लिए रेलवे को सौंपा जाएगा। उल्लेखनीय है कि बीते 18 मई को पहली बार मधेपुरा रेल कारखाना में तैयार एसी विद्युत इंजन को मालगाड़ी में लगाकर दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन से डेहरी होते बरवाडीह तक के लिए चलाया गया था।

पूर्व मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी राजेश कुमार ने कहा कि उच्च अश्व शक्ति वाले 12 हजार हॉर्स पावर के इस इंजन को तैयार करने वाला भारत विश्व का छठा देश है। मेड इन इंडिया की तर्ज पर बनी अब तक 11 इंजन कारखाना से बाहर निकल चुकी है। ट्िवन बो-बो डिजाइन वाली इस इंजन का अक्षीय भार 22.5 टी (टन) है। यह छह हजार टन वजन क्षमता वाली मालगाड़ी को खींचने में सक्षम है। यह इंजन डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर के लिए कोयला गाड़ियों की आवाजाही के लिए एक गेम चेंजर होगा।एम्बेडेड सॉफ्टवेयर के जरिए इसके सामरिक उपयोग को जीपीएस माध्यम से ट्रैक किया जा सकता है। इंजन में दोनों तरफ वातानुकूलित ड्राइवर कैब है।

इंजन निकालने को लिया गया ब्लॉक : इंजन निकालने के लिए मधेपुरा में पुल के पास बुधवार की दोपहर 3.15 से 4.45 तक का ब्लॉक लिया गया था। लेकिन आधा घंटा पहले 4.15 बजे ही इंजन पास कराने के बाद ब्लॉक रद्द कर दिया गया। इंजन निकालने के दौरान सहरसा से पहुंचे रेलवे के सहायक मंडल अभियंता मनोज कुमार, सीनियर सेक्शन इंजीनियर रेलपथ सुनील कुमार, सुभाष कुमार सहित अल्सटॉम के अधिकारी थे। इंजन को लेकर बरौनी तक सहरसा के लोको इंस्पेक्टर जे. के. सिंह, आकाश पासवान, चालक मनीष कुमार, राजू कुमार, सहायक चालक रंजीत कुमार, रवि कुमार रंजन ले गए थे। मधेपुरा में स्टेशन अधीक्षक पारसनाथ मिश्र और सहरसा में स्टेशन अधीक्षक नीरज चन्द्र ने इंजन को लाइन क्लियर दिलवा खुलवाया।

11 साल में आठ सौ इंजन होंगे तैयार : पूर्व मध्य रेलवे के सीपीआरओ ने कहा कि मधेपुरा इलेक्ट्रिक लोकोमोटिव प्रा. लिमिटेड 11 वर्षों में आठ सौ स्टेट ऑफ द आर्ट 12 हजार हॉर्स पावर का इंजन निर्माण करेगा। इस शक्तिशाली इंजन के आने से भारत में मालगाड़ियों की गति बढ़ेगी और भारी मालगाड़ियों की अनुमति होगी। मधेपुरा रेल इलेक्ट्रिक इंजन कारखाना के जरिए देश में दस हजार से अधिक प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष नौकरियों का निर्माण होगा। यह मधेपुरा में सामाजिक आर्थिक विकास लाएगा।