सहरसा। बुधवार की अहले सुबह आंधी व बारिश के साथ ओलावृष्टि होने से प्रखंड क्षेत्र के किसानों का भारी नुकसान हुआ है। सैकड़ों एकड़ जमीन में लगी मकई फसल जमीन पर गिरकर बर्बाद हो गया। वहीं गरीबों के आशियाने उजड़ गए। खासकर मकई की फसल, खलिहान पर रखे गेहूं, मूंग के अलावा आम व लीची के फसल को भी काफी नुकसान हुआ है। दूसरी ओर बारिश के पानी से तेलियाहाट बाजार में डेढ़ से दो फीट पानी जमा हो गया है। जिस कारण आवागमन में भी समस्या उत्पन्न हो गई है। प्रखंड के सहुरिया, रसलपुर, महारस, ईटहरी, सरबेला, घौरदौड़, जमालनगर पंचायत में तेज आंधी साथ हुई बारिश के दौरान ओलावृष्टि से किसानों का मकई फसल पूरी तरह से नष्ट हो गया। सहुरिया पंचायत के तरहा गांव में सुरेश मेहता, मनटुन मेहता, जटाशंकर ठाकुर, नंदकिशोर ठाकुर, चंद्रकिशोर मेहता सहित दर्जनों के घर उजड़ गए हैं। पंचायत के मुखिया मंजुदल हसन ने उजड़े घरों का जायजा लेते हुए बताया कि पंचायत में गिरे घर का आकलन किया गया है। जिसमें करीब 40 से 50 परिवार का घर उजड़े हैं। सरबेला पंचायत के काशिमपुर टोलवा में जगदीश मुखिया के घर पेड़ गिरने से क्षतिग्रस्त हो गया। भूमि मुखिया के घर पर बिजली का पोल गिरने से घर क्षतिग्रस्त हुआ है। किसान अब्दुस सलाम, चुन्नू, अभय कुमार, अजीत कुमार, पंकज कुमार, मनोज कुमार सिंह, रसलपुर पंचायत के मुरली में किसान भूपेश यादव, सरवन यादव, जिम्मेदार यादव, पुलेंदर यादव, नरेश यादव, नवल यादव, रतन यादव, बैजनाथ यादव, विनोद यादव व अन्य किसानों ने बताया कि तेज आंधी में फसल को काफी नुकसान हुआ है। कांग्रेस नेता मजनू हैदर अली कैस, जाप नेता अब्दुस सलाम, लोक जनशक्ति पार्टी के अमरेन्द्र कुमार यादव एवं समाजसेवी अजय कुमार यादव ने किसानों का उचित क्षतिपूर्ति राशि देने की मांग की है। अंचलाधिकारी अक्षयवट तिवारी ने बताया कि अंचल क्षेत्र में करीब 70 से 80 परिवार का घर गिरा है। जिसकी सूचना जिला को उपलब्ध करा दी गई है। वरीय पदाधिकारी के आदेशानुसार सुविधा मुहैया कराई जाएगी।