सहरसा। लॉकडाउन के कारण हरियाणा के गुड़गांव में फंसे खजुरी पंचायत के भगवानपुर निवासी एक युवक की मौत होने की सूचना मिलते ही स्वजनों में कोहराम मच गया। जानकारी के अनुसार, सियाराम यादव का पुत्र छोटू कुमार हरियाणा के गुड़गांव में रहकर मजदूरी करता था। लॉकडाउन की वजह से कामकाज बंद हो गया। परिवहन बंद हो जाने के कारण वह घर भी नही आ सका। इसी बीच वह बीमार हो गया और देखभाल, इलाज के अभाव में मंगलवार को अपने कमरे में हीं दम तोड़ दिया। इसकी सूचना उनके साथ रह रहे मजदूरों ने फोन पर परिजनों को दिया है। परिजन चाहकर भी अपने मृतक पुत्र का मुंह तक नही देख पा रहे हैं। मुखिया जीवन पौद्दार ने मृतक के घर पहुंचकर उनके माता-पिता से मिलकर सरकारी खर्चे पर शव मंगाने की मांग की है।