सहरसा। कोरोना से बचाव जांच के लिए बालिका छात्रावास गजाधर साहु उच्च विद्यालय सौरबाजार में बनाए गए क्वारंटाइन केंद्र का डीएम कौशल कुमार व पुलिस अधीक्षक राकेश कुमार ने मंगलवार को जायजा लिया। उन्होंने क्वारंटाइन केंद्र में की गई व्यवस्था को देखने के बाद सीओ से तमाम व्यवस्था के बारे में जानकारी ली।
डीएम ने बताया कि फिलहाल जिले की स्थिति बिल्कुल ठीक है। इस दौरान उपस्थित बैजनाथपुर मुखिया पंकज कुमार व सौरबाजार मुखिया पति भोला साह से प्रखंड के सभी पंचायत के मुखिया को जानकारी देने को कहा गया। बताया गया कि बाहर से जो मजदूर या अन्य लोग गांव पहुंचे उन्हें चिह्नित कर क्वारंटान केंद्र में रखवाने की पहल करें। सीओ को निर्देश दिया गया कि आइसोलेशन वार्ड में जितने बेड लगे हुए हैं प्रति बेड पर क्रमांक बनाकर रखें ताकि चिह्नित करने में कोई परेशानी नहीं हो। मौके बीडीओ सोनिया ढनढनियां, पीएसी प्रभारी डॉक्टर प्रियरंजन भास्कर, बीएचएम परीक्षित सिंह, मुखिया पंकज कुमार, सीआई राकेश झा, हेमंत कुमार, मुकेश कुमार, सौरबाजार थानाध्यक्ष जयशंकर प्रसाद समेत अन्य मौजूद थे।