सहरसा। लॉकडाउन का सख्ती से अनुपालन कराने को लेकर प्रशासन अब ड्रोन कैमरे से लोगों पर नजर रखेगी। गुरुवार को थाना चौक से इसकी शुरूआत की गई। शहर के विभिन्न हिस्सों में कैमरे से स्थिति का मुआयना किया जाएगा और भीड़ भाड़ दिखने पर तुरंत पुलिस की टीम वहां पहुंचकर ऐसे लोगों को गिरफ्तार करेगी।
शहर के थाना चौक से ड्रोन कैमरे से नजर रखने की शुरूआत की गई। मौके पर सदर एसडीपीओ प्रभाकर तिवारी, सदर थानाध्यक्ष आरके सिंह, यातायात प्रभारी नागेन्द्र राम समेत अन्य अधिकारी व पुलिस जवान मौजूद थे। बाद में काफिले के साथ मछली मार्केट व शंकर चौक का भी मुआयना किया गया।
इस दौरान सदर एसडीपीओ ने बताया कि शहरी क्षेत्र में लॉकडाउन के अनुपालन को लेकर कैमरे की मदद ली जा रही है। पुलिस की गाड़ी देखकर घर में छिपने और पुलिस के जाते ही घर से निकलकर लॉकडाउन का उल्लंघन करने वालों पर कैमरे की मदद से कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि शारीरिक दूरी का अनुपालन आवश्यक है। ऐसा नहीं करने पर भी संबंधित दुकानदार व ग्राहक पर कार्रवाई होगी। एसडीपीओ ने बताया कि बिना अनुमति के वाहन चलाने वालों पर सख्ती से कार्रवाई का निर्देश दिया गया है। ऐसे लोगों के वाहन को जब्त कर प्राथमिकी दर्ज कराई जाएगी। दवा, फल, सब्जी, राशन लेने के लिए भी बाइक का उपयोग मना है। इसके उल्लंघन पर भी कार्रवाई होगी। इस दौरान शंकर चौक पर अनि गुड्डू कुमार समेत अन्य मौजूद थे।