मधेपुरा। सिंहेश्वर में घट रहे जलस्तर के लिए राहत देने वाली खबर है। क्षेत्र में वाटर लेवल बढ़ाने के लिए मनरेगा के तहत तालाब व सोख्ता का निर्माण किया जा रहा है। कार्य तेजी से चल रहा है। अधिकारियों का कहना है कि तालाब व सोख्ता निर्माण से स्थिति में सुधार आएगा। वित्तीय वर्ष 2019-20 में प्रखंड क्षेत्र में 23 तालाबों का निर्माण किया जाना है। इसमें तीन सरकारी व 20 निजी तालाब शामिल हैं। इसमें अब तक पांच तालाबों का निर्माण कार्य लगभग पूर्ण होने को है। वहीं बारिश के पानी को जमा करने के लिए 156 सोख्ता का निर्माण भी लक्ष्य है। इसमें 95 का निर्माण कार्य पूरा कर लिया गया है।
किसानों में चलाया जा रहा है जागरूकता अभियान
निजी तालाब को लेकर ज्यादतर किसानों को जानकरी नहीं है। इस कारण वे इस ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं। जबकि इस योजना से किसानों को काफी फायदा होगा। मनरेगा योजना के तहत एक एकड़ तक के पोखर का जीणोद्धार की भी योजना है। वहीं नए तालाब का निर्माण 10 कट्टा जमीन पर करना है। तालाब में मछली पालन के साथ-साथ जल संरक्षण के लिए भी फायदेमंद है। तालाब के लिए लगभग दो लाख रुपये खर्च किए जाने की योजना है। वहीं सोख्ता निर्माण के लिए मनरेगा योजना से 17 हजार 700 रुपये देने का प्रावधान है। प्रखंड में किसानों को इसके लिए जागरूक किया जा रहा है। इन पंचायतों में हो रहा है तालाब का निर्माण - रुपौली में - एक
- ईटहरी गहुमनी - एक
- सिंहेश्वर - एक
- मानपुर - एक
- जजहट सबैला - एक
इन पंचायतों में बनाए गए हैं सोख्ता
- दुलार पिपराही - 06
- रूपौली - 08
- सुखासन - 04
- ईटहरी - 12
- लालपुर - 18
- कमरगामा -04
- मानपुर -08
- गौरीपुर - 02
- भवानीपुर - 10
- पटोरी - 10
- बेहरी - 12
- जजहट सबैला - 01 तालाब व सोख्ता निर्माण से वाटर लेवल बढ़ेगा। सरकार द्वारा दिए गए लक्ष्य को पूरा कर लिया जाएगा। किसानों को जागरूक किया जा रहा है। किसान तालाब सहित अन्य योजनाओं में अपनी सहभागिता दिखा रहे हैं। -बीरेंद्र कुमार, कार्यक्रम पदाधिकारी, सिंहेश्वर
