कोशी लाइव_नई सोच नई खबर।
सहरसा। समान काम का समान वेतन, सेवाशर्त लागू करने समेत अन्य मांगों के समर्थन में माध्यमिक शिक्षकों की हड़ताल रविवार को 20वें दिन भी जारी रही। 20वें दिन गंगजला स्थित संघ भवन में शिक्षकों की बैठक हुई। बैठक को संबोधित करते हुए संघ के राज्य कार्यकारिणी सदस्य सुरेश प्रसाद सिंह ने कहा कि कोरोना के नाम पर सरकार शिक्षकों के आंदोलन को दबा नहीं सकती है। माध्यमिक शिक्षकों का संघर्ष का इतिहास रहा है हम किसी भी हालत में पीछे नहीं हटेंगे। सदर अनुमंडल सचिव नवीन कुमार नवीन और मीडिया प्रभारी प्रभाकर कुमार ने कहा कि जबतक सरकार शिक्षकों की जायज मांगों को पूरा नहीं करती, शिक्षकों पर किए गए कार्रवाई को वापस नहीं लिया जाता, तबतक हमारा चरणबद्ध आंदोलन जारी रहेगा।
बैठक में शिक्षकों ने प्रखंड के चक्रानुसार सोमवार से भूख हड़ताल करने का निर्णय लिया। इस निर्णय के आलोक में 16 मार्च को कहरा, 17 को सौरबाजार, सोनवर्षा व पतरघट, 18 को नवहट्टा, महिषी और सत्तरकटैया 19 को सिमरीबख्तियारपुर, सलखुआ और बनमा ईटहरी के शिक्षकों द्वारा भूख हड़ताल किया जाएगा। 20 मार्च से भी इसी क्रम से भूख हड़ताल जारी रहेगा।
बैठक में जिलाध्यक्ष सदाशिव झा, तमन्ना अली, परमानंद खां, ज्ञानशंकर झा, मो. हारूण, संजीव सिंह, राजीव रंजन, संजय सुमन कपिल कुमार, राजकुमार सिंह, राणा सिंह, अमरेन्द्र सिंह, खगेश कुमार, राजेश कुमार, रामकिशोर, ज्योति महाराज आदि मौजूद रहे।
