कोशी लाइव_नई सोच नई खबर।
सुपौल शहर के उत्तरी हटखोला रोड में अपनी जमीन से अतिक्रमण हटा रही रेलवे की टीम पर कुछ लोगों ने पथराव कर दिया। हालांकि पत्थरबाजी में किसी को चोट नहीं लगी।
आरपीएफ के जवानों ने जब बंदूक तानी तो पत्थरबाज भाग निकले। इसके बाद फिर से अतिक्रमण हटाने का काम शुरू कराया गया। दरअसल शुक्रवार से ही रेलवे अपनी जमीन से अतिक्रमण हटाने का बड़ा अभियान चला रहा है। स्टेशन परिसर के आसपास सैकड़ों एकड़ जमीन पर कई दशकों से लोग घर और दुकान बनाकर रह रहे थे।
रविवार को जैसे ही उतरी हटखोला रोड में दुर्गा मंदिर के पास दुकानें और घर तोड़े जाने लगे तो कुछ लोगों ने विरोध कर दिया। उनका कहना था कि रेलवे की जमीन पर पेट्रोल पंप भी है उसे क्यों नहीं तोड़ा जा रहा? रेलवे के अधिकारियों का कहना था कि पेट्रोल पंप लीज पर ली गई जमीन पर संचालित है।
इसी बीच कुछ लोगों ने पत्थर चला दिए। बाद में आरपीएफ के जवानों ने सब को खदेड़ा। सूचना मिलने पर एसडीपीओ विद्यासागर भी वहां पहुंचे। इसके बाद पुलिस लाइन से भारी संख्या में जवानों को बुलाकर वहां तैनात किया गया है। मौके पर मजिस्ट्रेट के रूप में सदर बीडीओ राहुल राज, सीओ प्रभाष चंद्र लाभ, रेलवे के अधिकारी प्रभात कुमार, स्नेह रंजन सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।
