कोशी लाइव_नई सोच नई खबर।
सहरसा। स्थानीय थाना क्षेत्र के डुमरा चौक के समीप मंगलवार की रात दो दोस्तों के बीच रुपए लेन देन के विवाद में एक पक्ष द्वारा की गई गोलीबारी व मारपीट में पिता-पुत्र गंभीर रूप से जख्मी हो गये। मारपीट में घायल शाहपुर पंचायत के पैक्स अध्यक्ष शशिकांत यादव तथा गोली लगने से घायल लालू यादव का सहरसा के निजी अस्पताल में इलाज कराया जा रहा है।
मिली जानकारी अनुसार, शाहपुर निवासी दिवाकर यादव ने सहमौरा निवासी हरिशंकर यादव उर्फ एडी को दिए गए एक लाख रुपये वापस करने को कहा। जिस पर हरिशंकर यादव ने रुपये देने की बात कह दिवाकर यादव को डुमरा चौक के समीप बुलाया। सहरसा से आ रहे दिवाकर यादव व उसके स्वजन के वहाँ पहुंचते ही हरिशंकर यादव समेत अन्य लोगों ने मारपीट कर गोली चला दी। मारपीट में दिवाकर यादव के पिता पैक्स अध्यक्ष शशिकांत यादव के सर पर लोहे के रड से वारकर घायल कर दिया तथा 25 हजार रुपये भी छीन लिया। वहीं दिवाकर का भाई लालू यादव के पैर में गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसके बाद स्वजनों द्वारा दोनों घायलों को आनन-फानन में इलाज हेतु सोनवर्षा राज पीएचसी लाया गया। जहां चिकित्सक द्वारा गंभीर स्थिति देख सदर अस्पताल सहरसा रेफर कर दिया गया।
