कोशी लाइव_नई सोच नई खबर
सहरसा। नवपदास्थापित जिलाधिकारी कौशल कुमार ने रविवार को लघु सिचाई विभाग से संचालित महिषी व दिवारी स्थान में चल रही योजनाओं का निरीक्षण किया। साथ ही जनहित में योजनाओं को शीघ्र पूरा करने का निर्देश दिया।
डीएम सदर एसडीओ शंभूनाथ झा और लघु सिचाई विभाग के कार्यपालक अभियंता विष्णुदेव रजक के साथ कहरा प्रखंड के दिवारी में जल, जीवन व हरियाली अभियान के तहत चल रही योजना और हाल में दिवारी स्थान में मुख्यमंत्री के आगमन के दौरान हुए कार्य का निरीक्षण किया। इस योजना को ससमय पूरा करने के निर्देश के साथ वे महिषी प्रखंड के हरिशंकरी धार पर बन रहे स्लुइस गेट का निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यपालक अभियंता से जानना चाहा कि इस स्लुइस गेट के निर्माण से इलाके के कितने किसान लाभांवित होंगे। उन्होंने कार्य के धरातल की स्थिति का गहनता से अवलोकन किया।
ज्ञात हो कि महिषी सहित आधा दर्जन गांवों के खेती योग्य उपजाऊ जमीन को बाढ़ से निजात दिलाने और क्षेत्र के लगभग साढ़े तीन सौ एकड़ जमीन में सिचाई व्यवस्था सु²ढ करने के उद्देश्य से तत्कालीन लघु सिचाई मंत्री दिनेश चंद्र यादव द्वारा मार्च 2019 में स्लुइस गेट का शिलान्यास किया गया। इसका निर्माण कार्य जुलाई 2019 में पूर्ण हुआ। इससे इलाके के किसान को काफी फायदा होगा।
