कोशी लाइव_नई सोच नई खबर।
सहरसा। बेलवाड़ा कोसी तटबंध के मनोहर चौक पर मंगलवार की शाम एक पान दुकानदार छतरी सिंह के साथ युवक ने शराब की नशे में धुत होकर मारपीट करते हुए गोलियां चला दी। इस घटना में पान दुकानदार बाल-बाल बच गया। वहीं युवक हवा में पिस्टल से फायरिग करते हुए बेलवाड़ा जिला टोला की ओर फरार हो गया। हालांकि बेलवाड़ा पुलिस कैंप के सहारे युवक को पकड़ लिया गया। जिसे देर शाम कनरिया पुलिस के हवाले कर दिया गया।
इस बाबत पीड़ित पान दुकानदार छत्री सिंह और वहां मौजूद ग्रामीण मनोहर सिंह, मंटू सिंह, संतोष सिंह, मालिक सिंह आदि ने बताया के बेलवाड़ा के हरिबल्लभ सिंह का पुत्र सरजीत सिंह दो-तीन युवकों के साथ नशे में धुत होकर देसी पिस्टल व गोली के साथ चौक पर मोटरसाइकिल से पहुंचा और पान दुकानदार से पान लगाने के लिए कहा। इसपर कुछ बातों को लेकर मारपीट करने लगा और उसके बाद पिस्टल से कई गोलियां चलाकर दहशत फैला दी। उसके बाद हवा में फायरिग करते हुए सरजीत सिंह गांव की ओर भागा। इसके बाद ग्रामीणों और बेलवारा स्कूल पर अवस्थित बीएमपी पुलिस कैंप जवानों के सहयोग से युवक को पकड़ लिया गया तथा कनरिया ओपी को सौंपा। दुकानदार छतरी सिंह घटना का लिखित आवेदन भी ओपी पुलिस को सौंपा है। वहीं इस घटना के संबंध में कनरिया ओपी अध्यक्ष सुशील कुमार मरांडी ने बताया कि युवक हिरासत में है। देसी पिस्टल से फायरिग भी की। अभी तक स्थल की जांच नहीं हुई है। स्थल जांच के बाद ही प्राथमिकी दर्ज कर युवक को जेल भेजा जाएगा। वहीं ओपी अध्यक्ष द्वारा घटनास्थल पर नहीं पहुंचने और प्राथमिकी दर्ज नहीं करने, पकड़े गए युवक को जेल नहीं भेजने तथा टालमटोल करने की वजह से ग्रामीणों में काफी आक्रोश है जबकि घटनास्थल पर खोखा बिखरा पड़ा हुआ है।
