पश्चिम बंगाल के नार्थ 24 परगना स्थित नवोदय विद्यालय वानीपुर के दसवीं कक्षा के 24 बच्चे सहरसा में फंस गए हैं। बच्चे माइग्रेशन पॉलिसी के तहत सहरसा जिले के नवोदय विद्यालय बरियाही में पढ़ने आए थे।
बच्चों ने सोमवार को सोशल साइट ट्विटर पर विडियो अपलोड कर परिवार से मिलाने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से गुहार लगाई है। जवाहर नवोदय विद्यालय ने आधिकारिक वेबसाइट पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय मानव संसाधन मंत्री डॉ रमेश पोखरियाल निशंक को टैग करते हुए इन छात्राओं का विडियो पोस्ट कर लिखा है कि -'(सहरसा बिहार) जवाहर नवोदय विद्यालय की छात्राएं भारत लॉक डाउन के कारण वे अभी भी विद्यालय परिसर में फंसी हुई हैं।
छात्राओं ने मार्मिक अपील करते हुए कहा कि माइग्रेशन कोर्स के तहत पढ़ाई के लिए हमलोग जेवी सहरसा आने के बाद लॉक डाउन की वजह से यहां फंस गए हैं। हमलोग अपने मम्मी और पापा के पास जाना चाहते हैं। लेकिन प्रशासन की अनुमति नहीं मिलने की वजह से हमलोग घर नहीं जा पा रहे हैं। सरकार से आग्रह है कि हमलोगों को अपने घर तक पहुंचाने में मदद करें।
बच्चों को लेने आई शिक्षिका और बस चालक भी फंसे
बच्चों को लेने आई नवोदय विद्यालय वानीपुर की दो शिक्षिका, बस चालक सहित चार कर्मी भी यहां फंस गए हैं। नवोदय विद्यालय बरियाही के प्राचार्य मनोज कुमार विद्यार्थी ने कहा कि माइग्रेशन पॉलिसी के तहत यहां के बच्चे नवोदय विद्यालय वानीपुर पढ़ने गए थे। नवोदय विद्यालय वानीपुर के बच्चे नवोदय विद्यालय बरियाही पढ़ने के लिए आए। लॉक डाउन से एक दिन पहले 21 मार्च को नवोदय विद्यालय वानीपुर से बस से नवोदय विद्यालय बरियाही के 24 बच्चों को लाया गया। उसी बस से नवोदय विद्यालय वानीपुर के 24 बच्चों को ले जाना था। बस चालक ने थकावट की वजह से दूसरे दिन 22 मार्च को बच्चों को ले जाने की बात कही। लेकिन लॉक डाउन की वजह से बच्चे वानीपुर नहीं जा सके। उन्होंने कहा कि नवोदय विद्यालय बरियाही में अभी वानीपुर के सभी 24 बच्चों, शिक्षकों, कर्मियों और बस चालक के भोजन और नाश्ता के लिए मेस चल रहा है। बच्चों के लिए इंडोर गेम, माता पिता से बात करने के लिए वीडियो कॉलिंग तक की सुविधा दी गई है। लेकिन बच्चे अपने माता पिता के पास जाना चाहते हैं।
बरियाही और वानीपुर नवोदय के प्राचार्य ने प्रशासन को लिखा पत्र
बिहार और बंगाल की सीमा सहित तमाम जगहों से बच्चों को सुरक्षित उनके घर तक पहुंचाने के लिए बरियाही व वानीपुर नवोदय विद्यालय के प्राचार्य ने डीएम को पत्र लिखा है। नवोदय विद्यालय बरियाही के प्राचार्य मनोज कुमार विद्यार्थी ने कहा कि हमलोग दोनों विद्यालयों के प्राचार्य ने दोनों जिले के डीएम को पत्र लिखकर बच्चों के मनोभाव से अवगत कराया है। यह बताया है कि बच्चे अपने माता पिता पास जाना चाहते हैं। अभी कोरोना संक्रमण को लेकर बिहार और बंगाल की सीमा सील है। ऐसी पुख्ता प्रबंध किया जाय जिससे बच्चे सुरक्षित अपने माता पिता के पास पहुंच जाय। हालांकि उन्होंने कहा कि बच्चे अभी नवोदय विद्यालय बरियाही में पूरी तरह से स्वस्थ और सुरक्षित हैं।