कोशी लाइव_नई सोच नई खबर।
सहरसा। प्रखंड कार्यालय स्थित मां काली मैदान परिसर में बिहार राज्य शिक्षक संघर्ष समन्वय समिति प्रखंड इकाई के तत्वावधान में शुक्रवार को आयोजित नियोजित शिक्षकों के धरना को संबोधित करते हुए संघर्ष समन्वय समिति के प्रदेश अध्यक्ष मंडल सदस्य प्रदीप कुमार पप्पू ने कहा कि हड़ताल सभी मांगों के पूरा होने तक जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि इसबार सरकार के दमनकारी नीति के आगे हड़ताली शिक्षक नहीं झुकेंगे। चाहे सरकार बिहार के सभी नियोजित शिक्षकों को निलंबित कर दें या जेल में डाल दें।
बिहार राज्य शिक्षक संघर्ष समन्वय समिति के मंडल सदस्य बौआ रजक की अध्यक्षता एवं निरंजन कुमार के संचालन में संपन्न धरना के दौरान कुछ शिक्षकों ने अपना बाल मुड़वाकर सरकार के प्रति आक्रोश का इजहार किया। मंडल अध्यक्ष ने कहा कि जबतक समान काम का समान वेतन समेत व सभी मांगें पूरी नहीं हो जाती है तबतक यह अनिश्चितकालीन हड़ताल जारी रहेगा। मीडिया प्रभारी अमित कुमार अमन ने कहा कि सबों को अपनी मांगों को लेकर शांतिपूर्ण आंदोलन करने का लोकतांत्रिक अधिकार है। यह अधिकार हमसे कोई छीन नहीं सकता है। धरना को इस मौके पर निरंजन कुमार, सुभाष कुमार, कमलेश कुमार कमल, प्रवीण कुमार, अमरेंद्र कुमार, सुरेन्द्र कुमार राय, सुभाष चन्द्र पंडित, संतोष महतो, अमित अमन आदि ने संबोधित किया।
